नोएडा में श्रमिकों का हिंसक प्रदर्शन: 10 गाड़ियों में आग लगाई, पुलिस की गाड़ी पलटी

Spread the love

नोएडा में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे मदरसन समेत 6 कंपनियों के कर्मचारियों का प्रदर्शन सोमवार सुबह हिंसक हो गया. कर्मचारी 3 दिन से प्रदर्शन कर रहे थे.

सुनवाई न होने कर्मचारी सुबह उग्र हो गए. वह सड़क पर उतर आए. वहां पथराव शुरू कर दिया. कई गाड़ियों और बसों को आग लगा दी. पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो पुलिस की गाड़ी पलट दी. हालात बिगड़े तो जिले के कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची. पुलिस ने कर्मचारियों को रोकने की कोशिश की तो उन पर पथराव कर दिया. पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. घटना नोएडा फेज-2 की है.

कर्मचारियों ने नोएडा सेक्टर 15 और 62 में सड़क जाम कर दिया। बीच सड़क पर बैठकर कंपनियों के खिलाफ नारेबाजी की.

4 दिन से चल रहे प्रदर्शन ने लिया हिंसक मोड़: बताया जा रहा है कि मदरसन ग्रुप के पास जुटे श्रमिकों ने पहले वाहनों को निशाना बनाया, फिर पुलिस के साथ झड़प हो गई. इस दौरान एक काले रंग की कार धू-धू कर जलती दिखाई दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पिछले 3-4 दिनों से ग्रेटर नोएडा के फेज-2 में ऋचा ग्लोबल, रेनबो, पैरामाउंट और एसएनडी समेत कई होजरी कंपनियों के सैकड़ों कर्मचारी वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं. श्रमिकों ने मुख्य मार्गों को जाम कर दिया, जिससे नोएडा-दिल्ली और ग्रेटर नोएडा के बीच यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ.

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि हरियाणा में न्यूनतम वेतन बढ़ने के बाद उन्हें भी समान वेतन, ओवरटाइम का डबल भुगतान, समय पर सैलरी और कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित की जाए. साथ ही कंपनियों से लिखित आश्वासन की मांग की जा रही है. स्थिति को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े. श्रमिकों और पुलिस के बीच कई जगहों पर तीखी झड़प देखने को मिली.

प्रशासन के अनुसार, हालात पर नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, इस पूरे मामले में लापरवाही बरतने पर कुछ पुलिस अधिकारियों को निलंबित भी किया गया है. फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और सुरक्षा बल तैनात हैं.

सेक्टर 62 में सड़क पर कर्मचारी: वहीं नोएडा के सेक्टर 62 नोएडा में फैक्ट्रियों के कर्मचारी सड़कों पर उतर आए, जिससे सुबह भारी जाम लग गया. सेक्टर 62 से सेक्टर 16 नोएडा और एनएच-9 की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह बाधित रहा. प्रदर्शनकारी डिवाइडर पर चढ़कर नारेबाजी करते दिखे. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभालने की कोशिश की.  

बता दें कि   फरीदाबाद के सेक्टर-37 में 500 से अधिक कर्मचारी वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. पलवल में भी कर्मचारियों ने आगरा हाईवे जाम किया. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *