साध्वी निरंजन ज्योति के दफ्तर और दिल्ली स्थित आवास पर बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब निरंजन ज्योति के आवास को बम से उड़ाने की धमकी मिली. यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई बताई जा रही है, जिसमें 14 बमों से विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है.
सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसिया सक्रिय हुईं: घटना के समय साध्वी निरंजन ज्योति अपने आयोग कार्यालय में मौजूद थीं. जैसे ही उन्हें धमकी की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए अपने आवास का रुख किया और साथ ही पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं.
आवास और दफ्तर पर चला सघन तलाशी अभियान: सुरक्षा के मद्देनजर उनके आवास और दफ्तर दोनों जगहों पर व्यापक जांच अभियान चलाया गया. बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और हर पहलू की बारीकी से तलाशी ली. जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर को घेर लिया और किसी भी संभावित खतरे को टालने के लिए सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया. इस बीच, सुरक्षा क्लियरेंस पूरी होने तक साध्वी निरंजन ज्योति को बाहर ही इंतजार करना पड़ा.
धमकी भरे मेल की जांच शुरू: प्रारंभिक जांच में अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ई-मेल की तकनीकी जांच में जुट गई है. साइबर विशेषज्ञों की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी किस व्यक्ति या संगठन की ओर से भेजी गई है.
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इस तरह की धमकियों को हल्के में नहीं लिया जा सकता, इसलिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है. फिलहाल किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है, लेकिन जांच एजेंसियां हर संभावित एंगल से मामले की पड़ताल कर रही हैं.
कौन हैं साध्वी निरंजन ज्योति: गौरतलब है कि साध्वी निरंजन ज्योति उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से संबंध रखती हैं. उन्होंने कम उम्र में ही संन्यास ग्रहण कर लिया था और बाद में धार्मिक और सामाजिक संगठनों से जुड़कर सक्रिय राजनीति में आईं. वर्तमान में वह पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं.
















Leave a Reply