योगी सरकार ने रविवार देर रात 40 IAS अफसरों के तबादले कर दिए. इनमें 12 महिला अफसर हैं. 15 जिलों के जिलाधिकारी (DM) बदले गए हैं. परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से अनबन के बाद परिवहन आयुक्त किंजल सिंह को हटाकर माध्यमिक शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है. किंजल सिंह की 7 महीने पहले ही परिवहन विभाग में नियुक्ति हुई थी.
2016 बैच के आईएएस अभिषेक गोयल का ट्रांसफर खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन विभाग के विशेष सचिव से हमीरपुर के डीएम पद पर किया है. निवर्तमान जिलाधिकारी घनश्याम मीणा अब उन्नाव जनपद की कमान संभालेंगे जबकि अमरोहा की डीएम निधि गुप्ता वत्स को फतेहपुर का डीएम बनाया है.
हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे 2010 बैच के IAS आशुतोष निरंजन को नया परिवहन आयुक्त बनाया है. वहीं, यूपी पावर कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक पंकज कुमार को हटा दिया गया है. उन्हें फिलहाल यूपी में नई पोस्टिंग नहीं दी गई है. वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं. स्मार्ट मीटर विवाद की वजह से इन पर सवाल उठ रहे थे.
औद्योगिक विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार से एमएसएमई और निर्यात प्रोत्साहन विभाग का प्रभार वापस ले लिया है. सरकार ने लंबे मंथन के बाद आईएएस की तबादला सूची जारी की.
8 डीएम को एक जिले से हटाकर दूसरे जिले का जिलाधिकारी बनाया है जबकि 7 अफसरों को अन्य विभाग में तैनाती दी गई है. लखीमपुर खीरी की DM दुर्गाशक्ति नागपाल को पदोन्नति के बाद देवीपाटन मंडल का मंडलायुक्त बनाया है. आगरा के DM अरविंद मल्लपा बांगरी को CM योगी का विशेष सचिव बनाया गया है.
बुलंदशहर की डीएम श्रुति को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम का एमडी बनाया है. झांसी के जिलाधिकारी मृदुल चौधरी को पर्यटन विभाग में विशेष सचिव बनाया है. फतेहपुर के जिलाधिकारी रविन्दर सिंह को ऊर्जा विभाग में विशेष सचिव बनाया है. रायबरेली की डीएम हर्षिता माथुर को महिला एवं बाल विकास विभाग में निदेशक बनाया है. श्रावस्ती के डीएम अश्विनी कुमार पांडेय को अल्पसंख्यक विभाग में निदेशक बनाया है.
इन 8 डीएम को फिर मिली जिले की कमान: उन्नाव के जिलाधिकारी गौरांग राठी को झांसी का डीएम बनाया है. सुल्तानपुर के डीएम कुमार हर्ष को बुलंदशहर का डीएम बनाया है. शामली के डीएम अरविंद कुमार चौहान को सहारनपुर का डीएम बनाया है. अमरोहा की डीएम निधि गुप्ता वत्स को फतेहपुर का डीएम बनाया है. हमीरपुर के जिलाधिकारी घनश्याम मीना को उन्नाव का डीएम बनाया है. मैनपुरी के जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह को लखीमपुर खीरी का डीएम बनाया है. औरेया के डीएम इंद्रमणि त्रिपाठी को मैनपुरी का डीएम, सहारनपुर के डीएम मनीष बंसल को आगरा का डीएम बनाया है.
गौरांग राठी, हर्षिता माथुर, मनीष बंसल, इंद्रमणि त्रिपाठी का तबादला एक ही जिले में दो-तीन साल होने के कारण किया गया है. आगामी समय में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता के मद्देनजर एक ही जिले में तीन साल से जमे डीएम-एसएसपी हटाए जाने हैं. हर्षिता माथुर रायबरेली में सितंबर 2023 से, गौरांग राठी उन्नाव में फरवरी 2024 से और औरेया डीएम इंद्रमणि त्रिपाठी जुलाई 2024 से कार्यरत थे. दुर्गाशक्ति नागपाल दिसंबर 2025 में सचिव स्तर पर पदोन्नत हो गई थी, लेकिन एसआईआर के चलते उनका तबादला नहीं हो सका था. एसआईआर समाप्त होने के बाद उन्हें पदोन्नत कर देवीपाटन मंडल का मंडलायुक्त लगाया गया है.
















Leave a Reply