भाजपा की जनाक्रोश रैली में महिलाओं का विपक्षी दलों पर फूटा गुस्सा, CM योगी महिलाओं संग पैदल चले

Spread the love

लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास न होने पर लखनऊ में भाजपा ने मंगलवार को जन आक्रोश महिला पदयात्रा निकाली. सीएम योगी खुद इस पदयात्रा में महिलाओं के साथ पैदल चले. उनके साथ करीब 15 हजार महिलाएं चलीं. योगी के अलावा दोनों डिप्टी सीएम, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के सीनियर लीडर चिलचिलाती धूप में पैदल चले.

पदयात्रा सीएम आवास से शुरू होकर विधानसभा तक करीब 2 किमी तक गई. यहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने रैली को संबोधित किया. उन्होंने कहा- नकाब वालों के चक्कर में सपा-कांग्रेस ने 80% महिलाओं का नुकसान किया. महिलाओं के मन में जबरदस्त गुस्सा है.

वहीं, सीएम योगी ने कहा- सपा हो या कांग्रेस, इनके कृत्य महिला विरोधी रहे हैं. आज महिलाओं में इनके प्रति कितना गुस्सा है. इसका अंदाजा भीषण गर्मी में इस भीड़ को देखकर लगाया जा सकता है. देश के अंदर केवल 4 जातियां हैं। पहली जाति महिला है. दूसरी गरीब की, तीसरी युवा और चौथी किसान की.

उन्होंने कहा- कांग्रेस, सपा और उनके सहयोगी दलों से जुड़ी महिलाएं भी इस रैली में आई हैं. आज की रैली यहीं समाप्त नहीं होती है. यह आंदोलन बूथ, मंडल, ब्लॉक और जिले स्तर तक जारी रखना है.

गर्मी को देखते हुए पदयात्रा में जगह-जगह प्याऊ, एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी. रैली में शामिल महिलाओं ने राहुल गांधी मुर्दाबाद, नारी के सम्मान में भाजपा मैदान में जैसे नारे लगाए.

माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने संबोधन में कहा-“सपा और कांग्रेस की स्थिति मेंढक की तरह है. इन्हें चाहे चांदी के सिंहासन में बैठा लो या सोने के. ये उछलेंगे तो नाले में ही कूंदेंगे। महिलाओं को आरक्षण जाति देखकर नहीं दिया जा सकता.”

पदयात्रा में सीएम योगी, दोनों डिप्टी सीएम के अलावा कैबिनेट की महिला मंत्री भी हैं. इसके अलावा, गठबंधन की पार्टियां भी शामिल हुई हैं. इनमें ओपी राजभर, आशीष पटेल भी हैं. राजनीति के जानकार इसे भाजपा के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देख रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *