पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आनंदलोक अस्पताल में आग लग गई है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं हैं। वहीं, अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों को अन्य सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराया जा रहा है। अब तक साफ नहीं है कि घटना के समय अस्पताल में कितने मरीज भर्ती थे। साथ ही आग लगने की वजह का भी पता लगाया जा रहा है।
अधिकारी के मुताबिक, सुबह करीब दस बजे उन्हें इस घटना की सूचना मिली जिसके बाद आग बुझाने के लिए तीन अग्निशमन वाहनों को मौके पर भेजा गया। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि साल्टलेक के करुणामयी क्रॉसिंग पर स्थित एक निजी स्वास्थ्य केंद्र की पहली मंजिल पर आग लग गई। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
मरीजों को किया शिफ्ट: आग लगने की खबर के साथ ही मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की मदद से शिफ्ट किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अनुमान है कि आग लगने के बाद करीब 75 से 80 मरीजों को अस्पताल से बाहर निकाला गया है और दूसरी इमारत में पहुंचाया गया है। राहत की खबर है कि अस्पताल में मौजूद सभी लोग सुरक्षित है। आग पर काबू पाने का काम जारी है।
कैसे लगी आग: इस घटना की वजह का अब तक पता नहीं चल सका है। टेलीग्राफ की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि अस्पताल की कैथ लैब से धुआं उठता देखा गया था। यह लैब दूसरी मंजिल पर है। अग्निशमन विभाग को आशंका है कि एसी के अंदर शॉर्ट सर्किट के चलते यह आग भड़की है। हालांकि, अब तक आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है।
मीडिया से बातचीत में चश्मदीदों ने कहा कि दूसरी मंजिल से आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। इसके कुछ समय बाद ही पूरा इलाके में धुआं हो गया। उन्होंने बताया कि लोगों ने मरीजों को निकालने में अस्पताल के स्टाफ की मदद की। ये भी पढ़ें:राजस्थान में रिफाइनरी आग कांड, सांसद बेनीवाल ने जांच की मांग उठाई
रिपोर्ट के मुताबिक, एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘अस्पताल के सभी मरीज सुरक्षित हैं और अस्पताल को पूरी तरह से खाली करा लिया गया है। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। यह सुनिश्चित करने के लिए कि कोई मरीज पीछे न रह जाए, सभी मंजिलों की बारीकी से जांच की जा रही है।’
















Leave a Reply