बुलंदशहर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, बर्थडे पार्टी में केक लगाने पर 3 दोस्तों को भूना

Spread the love

UP के बुलंदशहर जिले के खुर्जा कोतवाली नगर क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में 3 युवकों की मौके पर मौत हो गई. मामला इतना संवेदनशील है कि पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. डीआईजी कलानिधि नैथानी ने तुरंत कई टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार खुर्जा क्षेत्र के एक जिम में शनिवार को जीतू नामक व्यक्ति अपना जन्मदिन मना रहा था. पार्टी के दौरान जीतू का मनीष नामक युवक से केक लगाने को लेकर छोटा सा विवाद हो गया. विवाद बढ़ते ही जीतू ने गुस्से में आकर मनीष, उसके चचेरे भाई अमरदीप और भतीजे आकाश पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. फायरिंग में तीनों युवकों के सिर में कई-कई गोलियां लगीं.

पुलिस मामले की कर रही है जांच: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया. जहां तीनों  को मृत घोषित कर दिया गया. वहीं सूचना मिलते ही एसएसपी, डीआईजी समेत मेरठ रेंज के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए. पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

मिली जानकारी व सूत्रों के मुताबिक आरोपी जीतू समाजवादी पार्टी (सपा) का पूर्व नगर अध्यक्ष रह चुका है. जबकि मारे गए तीनों युवक — मनीष, अमरदीप और आकाश भाजपा से जुड़े बताए जा रहे हैं. हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में राजनीतिक एंगल की पुष्टि नहीं की है. प्रारंभिक जांच में केवल पार्टी में हुए केक लगाने के विवाद को ही मुख्य वजह बताया जा रहा है.

घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश: डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है. आरोपी जीतू फरार है. उसकी तलाश में छापेमारी चल रही है. पुलिस सभी पहलुओं- पुरानी दुश्मनी, राजनीतिक रंग और मौके पर हुए विवाद को लेकर जांच कर रही है. वहीं इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. स्थानीय लोगों में आक्रोश है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *