ललितपुर में बदला मौसम, आंधी के साथ झमाझम बारिश; कल से कुछ और इलाकों में बूंदाबांदी

Spread the love

UP भीषण गर्मी और लू की चपेट में है. सीजन में पहली बार तापमान 47°C के पार पहुंच गया है. पिछले 24 घंटों में बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां गर्मी ने पिछले 4 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया. यहां दिन का तापमान 47.4°C रिकॉर्ड किया गया. इससे पहले 2022 में 30 अप्रैल को यहां पारा 47°C के पार गया था.

वाराणसी में अप्रैल महीने में चौथी बार दिन का तापमान 45°C पहुंचा है. इससे पहले, 30 अप्रैल 2019 में सबसे ज्यादा तापमान 45.3°C रिकॉर्ड किया गया था। इस बीच, दोपहर बाद ललितपुर में अचानक मौसम बदल गया. तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हो रही है. बाकी जिलों में तेज धूप है। 55 शहरों में लू चल रही है. गोरखपुर चिड़ियाघर में भालू पानी से बाहर नहीं आ रहा है.

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया-“सोमवार यानी 27 अप्रैल से नया विक्षोभ सक्रिय होगा. पश्चिमी यूपी और तराई वाले इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है. आंधी-तूफान की भी संभावना है. 28 अप्रैल से पूरे यूपी में बारिश का दौर शुरू होगा। 1 मई तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। पारे में 2–3°C की गिरावट आ सकती है.”

ललितपुर में दोपहर आंधी चली फिर बारिश हुई.

मौसम विभाग (IMD) ने आज 55 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है. दोपहर के वक्त ज्यादातर शहरों में तापमान 42°C से 45°C के बीच रहने का अनुमान जताया है. लोगों को खासतौर पर दोपहर 12 से 3 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है. बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा है.

इससे पहले, शनिवार को देश के सबसे गर्म 41 शहरों में से 14 शहर उत्तर प्रदेश के थे. बांदा का तापमान सऊदी अरब और पाकिस्तान के जैकोबाबाद से भी ज्यादा रिकॉर्ड किया गया. सऊदी अरब में 31°C और पाकिस्तान के जैकोबाबाद में 44°C तापमान दर्ज किया गया.

अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम

27 अप्रैल: पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी. पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा.
28 अप्रैल: पूरे प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है. 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.
29 अप्रैल: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में अच्छी बारिश होगी। तेज हवा चलेगी. रात के वक्त तापमान में गिरावट आएगी.
30 अप्रैल: पूरे प्रदेश में बारिश होगी. बिजली गिरने की आशंका है। दिन में 40 किमी की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी.
01 मई: पश्चिमी यूपी में हल्की और पूर्वी यूपी में तेज बारिश होगी. बादलों की गड़गड़ाहट के बीच बिजली भी गिर सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *