वैदिक पंचांग की गणना के अनुसार, शुक्ल पक्ष की आखिरी तिथि को पूर्णिमा कहा जाता है. दृक पंचांग के अनुसार, इस साल वैशाख मास की पूर्णिमा तिथि 1 मई को पड़ने वाली है. शास्त्रों के अनुसार, वैशाख मास की पूर्णिमा को बुद्ध पूर्णिमा मनाई जाती है. पौराणिक मान्यता है कि इसी दिन महात्मा बुद्ध का जन्म, ज्ञान की प्राप्ति और निर्वाण हुआ था. यही वजह है कि इस दिन सनातन धर्म में विश्वास रखने वाले लोग बुद्ध देव की विशेष पूजा-अर्चना करते हैं और उनके उपदेशों को अपने जीवन में उतारने का प्रयास करते हैं.
वैशाख मास की बुद्ध पूर्णिमा धन-ऐश्वर्य की प्राप्ति और सुख-समृद्धि के लिए भी खास होती है. मान्यता है कि बुद्ध पूर्णिमा के दिन कुछ शुभ चीजों को घर में लाने से सुख-समृद्धि और धन-दौलत बढ़ती है. ऐसा इसलिए क्योंकि तिथि धन की देवी मां लक्ष्मी को समर्पित भी माना गया है. ऐसे में आइए, जानते हैं कि बुद्ध पूर्णिमा के दिन किन चीजों को घर लाने से सुख-समृद्धि और तरक्की के द्वार खुल सकते हैं.
भगवान बुद्ध की प्रतिमा: वास्तु शास्त्र के अनुसार, महात्मा बुद्ध की मूर्ति शांति और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है. वास्तु शास्त्र के जानकार बताते हैं कि घर में बुद्ध की प्रतिमा रखने से तनाव कम होता है और मानसिक शांति प्राप्त होती है. वास्तु नियम के मुताबिक, लाफिंग बुद्धा या ज्ञान मुद्रा में बुद्ध देव की प्रतिमा घर-परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली लाती है. बुद्ध पूर्णिमा के दिन इस तस्वीर को लाकर ऊंचे स्थान पर रखना चाहिए.
पीतल का हाथी: घर में स्थिरता और शांति स्थापित करने के लिए वास्तु शास्त्र के जानकार पीतल का हाथी रखने की सलाह देते हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि इसे घर में रखने से सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ता है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है. पीतल के हाथी को मुख्य दरवाजे के पास अंदर की ओर रखना चाहिए.
कौड़ी: कहा जाता है कि समुद्र मंथन के दौरान जो 16 रत्न निकले थे, उसमें एक कौड़ी भी थी. ज्योतिष शास्त्र में इसे धन और समृद्धि का प्रतीक माना गया है. मान्यता है कि कौड़ी मां लक्ष्मी की बेहद प्रिय होती है. इसलिए बुद्ध पूर्णिमा के दिन इसे घर में लाने से धन-दौलत में वृद्धि होती है. बुद्ध पूर्णिमा के दिन इसे लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी या धन रखने वाले स्थान पर रखना अच्छा होता है.
चांदी का सिक्का: ज्योतिष शास्त्र में चांदी को चंद्र ग्रह और मन से जोड़कर देखा गया है. मान्यतानुसार, बुद्ध पूर्णिमा पर चांदी का सिक्का घर लाने से धन-दौलत में अपार वृद्धि होती है. इसे पूजा स्थान या तिजोरी में रखने से आर्थिक स्थिति अच्छी होती है.
श्रीयंत्र: शास्त्रों में श्रीयंत्र को धन और समृद्धि का प्रतीक माना गया है. मान्यता है कि इसमें धन की देवी मां लक्ष्मी का वास होता है. ऐसे में बुद्ध पूर्णिमा के दिन घर में श्रीयंत्र लाएं और उसे पूजा स्थल पर विधि-विधान से स्थापित करें. ऐसा करने से धन लाभ के साथ-साथ तरक्की भी होती है. घर में श्रीयंत्र की रोजाना पूजा-अर्चना करने से मां लक्ष्मी का वास होता है.
















Leave a Reply