UP में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय: 4 मई तक तेज हवाओं के साथ बारिश, 58 शहरों में अलर्ट

Spread the love

UP में मौसम ने करवट ले ली है। बुधवार सुबह नोएडा, मथुरा, बरेली, संभल समेत 6 जिलों में तेज बारिश हुई। पश्चिम यूपी के ज्यादातर जिलों में बादल छाए हैं। नोएडा में तड़के आंधी के साथ बारिश हुई। मथुरा में अचानक हुई बारिश से बचने के लिए लोग ट्रॉली के नीचे बैठ गए। सहारनपुर और मेरठ में भी रुक-रुक कर बूंदाबांदी हो रही है।

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया-” प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है. इससे गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है. अगले 5 दिन यानी 4 मई तक तेज हवाओं के साथ बारिश होती रहेगी. गर्मी और लू से राहत मिलेगी. तापमान 3-4°C तक गिरेगा. हालांकि, दिन में धूप की वजह से उमस जैसे हालात बन सकते हैं.”

अमरोहा में आधी रात मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश हुई जिससे लोगों को से गर्मी से राहत मिली। कई इलाकों में पेड़ की टहनियां टूटने और बिजली बाधित होने की भी सूचना है.

दूसरी तरफ, पूर्वी यूपी में तेज धूप है। लेकिन, ठंडी हवा गर्मी से निजात दिलाए हुए है। बीते कुछ दिनों की तुलना में लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं की वजह से मौसम बदल गया है। आज पूर्वांचल, अवध, बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्र के 58 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। बिजली भी गिर सकती है।

इससे पहले, मंगलवार को 15 जिलों में पारा 40°C से अधिक रहा। बांदा के तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आई। बावजूद इसके 45.6°C के साथ बांदा शहर यूपी में सबसे गर्म शहर रहा। 27 अप्रैल को बांदा में पारा 47.4°C दर्ज हुआ था। अप्रैल महीने में छठी बार प्रदेश में बांदा सबसे गर्म रहा था।

अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?

30 अप्रैल: पूरे प्रदेश में बारिश होगी. बिजली गिरने की आशंका है. दिन में 40 किमी की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी.
01 मई: पश्चिमी यूपी में हल्की और पूर्वी यूपी में तेज बारिश होगी. बादलों की गड़गड़ाहट के बीच बिजली भी गिर सकती है.
02 मई: प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. तेज हवा चलेगी. तापमान में हल्की गिरावट आएगी.
03 मई: पूर्वी और पश्चिमी UP में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी. आंधी-तूफान की संभावना नहीं है.
04 मई: पूरे प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश होगी. दिन वक्त बीच-बीच में धूप निकलने से उमस की स्थिति बनेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *