पश्चिम बंगाल में दूसरे फेज में भी बंपर वोटिंग, 90 फीसदी मतदान; हुगली में सबसे ज्यादा पड़े वोट

Spread the love

 पश्चिम बंगाल में हाई-वोल्टेज राजनीतिक मुकाबला अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है. बुधवार को दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग हो रही है, जिसमें 294 में से 142 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ. सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) और बीजेपी के बीच सीधी टक्कर है. बीजेपी राज्य में पहली बार सरकार बनाने की कोशिश में है. हालांकि कांग्रेस और CPI(M) भी मैदान में हैं, लेकिन मुकाबला मुख्य रूप से TMC बनाम बीजेपी ही माना जा रहा है.

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में शाम पांच बजे तक 89.99 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले. मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ था और वोटिंग का समय शाम छह बजे तक है. राज्य के पूर्वी बर्धमान जिले में शुरूआती दस घंटों (शाम पांच बजे तक) में सबसे अधिक 92.46 प्रतिशत और कोलकाता दक्षिण जिला में सबसे कम 86.11 प्रतिशत मतदान हुआ. इस बीच कुछ इलाकों में मतदान के दौरान झड़पों और तनाव की रिपोर्ट भी मिली है. राज्य के अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है. मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की लम्बी-लम्बी कतारें देखी गई हैं. बंगाल के मतदाता लोकतंत्र के इस पर्व पर बढ़-चढ़ कर मतदान कर रहे हैं.

पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान हुआ था, जिसमें रिकॉर्ड 93.17% वोटिंग दर्ज की गई. अब उम्मीद की जा रही है कि दूसरे चरण में भी इतनी ही ज्यादा वोटिंग हो सकती है. ज्यादा वोटिंग के चलते TMC और बीजेपी दोनों ही अपने पक्ष में माहौल बनने का दावा कर रहे हैं. अंतिम चरण में दक्षिण बंगाल की सीटों पर वोटिंग हो रही है, जहां पिछले 15 साल से TMC का दबदबा रहा है. 2021 के चुनाव में बीजेपी ने उत्तर बंगाल में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन दक्षिण बंगाल में उसे ज्यादा सफलता नहीं मिली थी. यहां 77 सीटों में से बीजेपी सिर्फ 18 सीटें ही जीत पाई थी.

उत्तर 24 परगना में हिंसा

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना के अरबिंदा रैली स्थित बूथ नंबर 120 पर TMC और BJP कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। जिसका वीडियो भी सामने आया है.

जानिए कहां कितने प्रतिशत मतदान?

➤पूर्वी बर्दवान में शाम 5 बजे तक 92.46% वोटिंग,
➤नादिया में शाम 5 बजे तक 90.28% मतदान;
➤नॉर्थ 24 परगना में 5 बजे तक 89.74% वोटिंग;
➤हुगली में शाम 5 बजे तक 90.34% मतदान;
➤साउथ 24 परगना में 5 बजे तक 89.57% वोटिंग;
➤कोलकाता साउथ में 5 बजे तक 86.11% वोटिंग.

सीएम ममता ने डाला वोट

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए मतदान जारी है. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी उम्मीदवार ममता बनर्जी ने कोलकाता के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए पहुंची.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *