यूपी के 10 शहरों में बारिश, हमीरपुर में हल्की ओलावृष्टि; ग़ाज़ीपुर में बहा पीपा पुल

Spread the love

हमीरपुर से इरशाद खान व अन्य।
यूपी में लगातार दूसरे दिन भी मौसम बदला हुआ है. भीषण गर्मी और लू के बीच आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है. पूरे प्रदेश में बादल छाए हैं. बीच-बीच में हल्की धूप निकल रही है. गुरुवार तड़के कानपुर, आगरा, मथुरा समेत 10 शहरों में बारिश हुई.

हमीरपुर, गोंडा, उन्नाव और भदोही में देर रात गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई. अमेठी और प्रतापगढ़ में सुबह-सुबह तेज बारिश से मौसम सुहावना हो गया. लखनऊ में रुक-रुक कर बूंदाबांदी हो रही है. ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज 68 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है. अगले 5 दिन मौसम बिगड़ा ही रहेगा। गर्मी से राहत मिलेगी। पारे में 4-5°C की गिरावट आएगी.

आंधी-बारिश से गाजीपुर में पीपा पुल बह गया. आगरा में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. इससे पहले, बुधवार को प्रयागराज-वाराणसी समेत 30 जिलों में आंधी-बारिश हुई. लखनऊ, बाराबंकी समेत 10 जिलों में ओले गिरे. प्रदेश में जगह-जगह पेड़, बिजली के खंभे उखड़ गए. कई कच्चे मकान ढह गए। 13 लोगों की मौत हुई. सुल्तानपुर में सबसे ज्यादा 7, अयोध्या-अमेठी में 2-2 और प्रयागराज-गाजीपुर में 1-1 की जान गई.

हमीरपुर जनपद में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई और इसके साथ ही हल्की ओलावृष्टि भी हुई. मौसम के बदले मिज़ाज से लोगों को भीषण गर्मी से निजात मिली और मौसम के खुशनुमा होने से राहत मिली.

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो गोरखपुर में 19.2 मिमी, प्रयागराज में 11.2 मिमी और वाराणसी में 9 मिमी वर्षा दर्ज की गई। अमेठी और आजमगढ़ में 5 मिमी बारिश हुई। बांदा अब भी सबसे गर्म शहर बना हुआ है. यहां अधिकतम तापमान 45.8°C रिकॉर्ड किया गया.

लखनऊ में आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- “उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से पूरे प्रदेश में माैसम बदल गया है. बारिश का सिलसिला मई के पहले हफ्ते में जारी रहेगा. गर्मी से राहत मिलेगी. आंधी-तूफान के हालात बनेंगे। बिजली और ओले भी गिर सकते हैं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *