आज यानी 4 मई 2026 को 5 राज्यों के चुनावी नतीजे आ रहे हैं. ज्यादातर लोगों की नजरें पश्चिम बंगाल की तरफ थीं, हालांकि असली ‘खेला’ तमिलनाडु में हो गया. यहां फिल्म इंडस्ट्री से आए विजय की पार्टी ने सभी को हैरान कर दिया. शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक TVK 97 सीटों पर आगे चल रही है. जबकि मुख्य पार्टी DMK+ इस समय 42 सीटों पर आगे चल रही है. जबकि AIADMK+ 84 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है.
किंगमेकर नहीं, किंग बनने की दिशा में विजय: TVK अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में अभिनेता विजय की लोकप्रियता को वोट में बदलती हुई दिख रही है. मौजूदा रुझानों के साथ, चर्चा का रुख तेजी से बदल रहा है. विजय को जहां पहले संभावित ‘किंगमेकर’ के तौर पर देखा जा रहा था, वहीं अब उनकी भूमिका और बड़ी हो गई है. शुरुआती आंकड़ों को देखकर ऐसा लग रहा है कि विजय किंगमेकर नहीं, बल्कि खुद किंग बनने की दिशा में बढ़ रहे हैं. TVK का अच्छा प्रदर्शन यह भी इशारा दे रहा है कि तमिलनाडु की राजनीति, जो अब तक DMK और AIADMK के बीच सीमित थी, अब बदल सकती है.
विजय खुद 2026 में चेन्नई के पेरम्बूर और मध्य तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली पूर्व से चुनाव लड़ रहे हैं और दोनों ही सीटों को उन्होंने अपनी पार्टी के लिए प्रमुख चुनावी मैदान के रूप में पेश किया है. डीएमके के गढ़ माने जाने वाली दो मुश्किल सीटों से चुनाव लड़कर विजय ने आसान रास्ता नहीं चुना. उन्होंने दिखाया कि वे सीधे सत्तारूढ़ पार्टी को चुनौती देना चाहते हैं और अपनी लोकप्रियता को परखना चाहते हैं.
2024 में विजय ने बनाई थी पार्टी: विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कजगम (TVK) तमिलनाडु राजनीतिक पार्टी है. विजय ने इस पार्टी की स्थापना 2 फरवरी 2024 को की थी. अभिनेता विजय इसके संस्थापक और अध्यक्ष हैं. इसका मुख्यालय पनयूर, चेन्नई में है. पार्टी का चुनाव चिन्ह ‘सीटी’ है. टीवीके राज्य की सभी 234 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रही है, जिसमें पेरम्बूर और त्रिची पूर्व को विजय के विभिन्न क्षेत्रों में राजनीतिक प्रवेश के लिए एक परीक्षण के तौर पर देखा जा रहा है.
















Leave a Reply