अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है. व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कुश देसाई के हवाले से कहा गया कि यह ऐतिहासिक और निर्णायक जीत है, क्योंकि पहली बार बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में सत्ता हासिल की है. ट्रंप ने इस जीत को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनता के मजबूत समर्थन का प्रतीक बताया और पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना की.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे एक ऐतिहासिक राजनीतिक बदलाव का प्रतीक बने. 294 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी ने भारी बहुमत हासिल किया और 207 सीटें जीत लीं। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) मात्र 80 सीटों पर सिमट गई. 2021 में TMC के 215 सीटों के मुकाबले यह भारी गिरावट रही। BJP का वोट शेयर करीब 45.8% रहा, जो पिछले चुनाव से 7-8 प्रतिशत बढ़ा. टीएमसी का वोट शेयर 40.8% पर आ गया.
भाजपा की इस जीत के साथ पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की 15 साल की सत्ता का अंत हो गया. खुद ममता अपनी भवानीपुर सीट पर पूर्व सहयोगी शुभेंदु अधिकारी से हार गईं. कई कैबिनेट मंत्रियों की भी हार हुई. बीजेपी ने उत्तर बंगाल, दक्षिण-पश्चिम क्षेत्रों और कोलकाता के कई हिस्सों में भारी बढ़त बनाई. राजनीति के जानकारों का कहना है कि संदेशखली, आरजी कर मामले जैसी घटनाओं, भ्रष्टाचार और विकास की मांग ने एंटी-इनकंबेंसी को बढ़ावा दिया.
कांग्रेस को 2 और CPI(M) को 1 सीट मिली. 2026 के चुनाव का यह नतीजा पश्चिम बंगाल में पहली बार दक्षिणपंथी सरकार को ला रहा है. 9 मई को शपथ ग्रहण समारोह होना है.
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि बीजेपी ने विकास, सुशासन और परिवर्तन का नारा दिया, जिसने मतदाताओं को आकर्षित किया. हालांकि, टीएमसी ने इस चुनावी रिजल्ट में धांधली के आरोप लगाए हैं. टीएमसी की प्रमुख ममता बनर्जी ने इसे लूट करार दिया है. बीजेपी इसे हार के चलते निराशा का असर बता रही है. कहा जा रहा है कि बंगाल चुनाव का यह नतीजा राष्ट्रीय राजनीति पर भी असर डालेगा.















Leave a Reply