पश्चिम बंगाल के चुनाव नतीजों के 3 दिन बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी से मुलाकात की. इस दौरान अखिलेश ने ममता को संबोधित करते हुए कहा कि दीदी, आप हारी नहीं हैं. मीडिया से बातचीत में सपा अध्यक्ष ने भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया.
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कोलकाता में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से उनके आवास पर मुलाकात की. इस बैठक में टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहे. टीएमसी सूत्रों के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई. बैठक की शुरुआत में अखिलेश यादव और अभिषेक बनर्जी ने एक-दूसरे को गले लगाकर अभिवादन किया. बातचीत के दौरान अखिलेश ने अभिषेक से कहा, आप सबने कितनी सराहनीय लड़ाई लड़ी है.वहीं ममता को संबोधित करते हुए कहा दीदी, आप हारी नहीं हैं.
लोकतंत्र को कमजोर कर रही बीजेपी- अखिलेश यह बैठक पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद हुई, जहां भाजपा ने 207 सीटों पर जीत दर्ज कर बड़ी बढ़त हासिल की. पिछले 15 वर्षों से राज्य की सत्ता में रही टीएमसी को इस बार 80 सीटों पर जीत मिली. मुलाकात से पहले अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान मतदाताओं पर दबाव बनाया गया और लोग स्वतंत्र रूप से मतदान नहीं कर सके. अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने लोकतांत्रिक संस्थाओं को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है.
अखिलेश यादव ने बीजेपी को घेरा: उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा राजनीति में महिलाओं के बढ़ते प्रभाव को स्वीकार नहीं कर पा रही है. साथ ही चुनावी हिंसा, पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमलों और पार्टी कार्यालयों को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं पर भी सवाल उठाए. सपा प्रमुख ने दावा किया कि चुनाव के दौरान केंद्रीय बलों की अत्यधिक तैनाती से एक “समानांतर व्यवस्था” तैयार हो गई थी. उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया संभालने के लिए उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों से कर्मियों को बुलाया गया था.
बंगाल चुनाव में भाजपा का रवैया हैरान करने वाला- अखिलेश सपा अध्यक्ष ने कहा कि मैंने इस चुनाव को बहुत करीब से देखा। जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल हुआ और भाजपा का जो रवैया था, वो हैरान करने वाला है. भाजपा ने बंगाल में जो किया, यूपी में उससे कम किया था. बंगाल में उसका ट्रायल किया गया.














Leave a Reply