UP में गाजियाबाद के साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में बड़ा हादसा हुआ है, जहाँ प्रोडक्ट्स बनाने के दौरान ब्लास्ट हो गया . इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घायलों को अस्पताल ले जाया गया था और अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं एक शख्स गंभीर रूप से जख्मी बताया जा रहा है, जिसका इलाज हॉस्पिटल में चल रहा है. डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस और प्रशासन की टीम ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
यूपी में गाजियाबाद के लिंक रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. घटना की गंभीरता देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल लगाया गया है. बताया जा रहा है कि पानी ठंडा करने वाली मशीन की टेस्टिंग के दौरान उसका कंप्रेसर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई.
दो कर्मचारियों की मौत: इस हादसे में तीन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर बाद में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर है. धमाके के बाद फैक्ट्री में आग भी लग गई, हालांकि कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही काबू पाया गया. हादसा इतना भीषण था कि वहां मौजूद कर्मचारी दूर जा गिरे. धमाके की चपेट में आकर इमरान (27), त्रिभुवन (46) और बांके बिहारी गंभीर रूप से घायल हो गए.
दूर-दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज: स्थानीय लोगों के अनुसार कंप्रेसर फटने की आवाज इतनी तेज थी कि प्रह्लादगढ़ी और वसुंधरा तक लोगों ने धमाके की आवाज सुनी.स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया.
पुलिस और प्रशासन की टीम जांच में जुटी: एसीपी ट्रांस हिंडन अमित सक्सेना का कहना है कि फिलहाल पूरा मामला जांच के घेरे में है और प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है ताकि हालात पर नियंत्रण रखा जा सके. इस घटना के बाद उच्च अधिकारी जांच की बात कर रहे हैं कि आखिर हादसे की मुख्य वजह क्या है.
















Leave a Reply