जीत के 100 घंटे बाद ‘विजय’ पथ पर दौड़ी TVK की गाड़ी, जानिए इसमें कितनी ‘स्टेपनी’ का मिला साथ?

Spread the love

तमिलनाडु में नई सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया. कई अड़चनों के बाद आखिरकार विजय को राज्यपाल की ओर से सरकार बनाने का न्योता मिल गया. हाल में हुए विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) को 108 सीटें मिली हैं, लेकिन यह बहुमत से 10 कम है. ऐसे में सबसे पहले उनका साथ कांग्रेस ने दिया. बावजूद इसके बहुमत का आंकड़ा पूरा नहीं हो पाया. 

दरअसल, विधानसभा चुनाव के बाद विजय दो बार लोकभवन पहुंचे और राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया. लेकिन राज्यपाल की ओर से बहुमत के आंकड़े पूरे करने की बात कही गई. अब शुक्रवार (08 मई) को थलापति विजय एक बार फिर लोकभवन पहुंचे, जिसके बाद उन्हें सरकार बनाने का न्योता मिला है. माना जा रहा है कि विजय ने बहुमत का पूरा जुगाड़ कर लिया, जिसके बाद वह राज्यपाल के पास पहुंचे. आइए आपको बताते हैं कि विजय को सत्ता की कुर्सी पहुंचाने तक किन दलों ने उनकी बैसाखी बनने में मदद की है. 

सबसे पहले कांग्रेस का मिला साथ: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने डीएमके के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था. डीएमके को इस चुनाव में 59 सीटें मिली हैं और कांग्रेस ने पांच सीटों पर विजय हासिल की. चुनावी नतीजों के बाद कांग्रेस ने डीएमके के साथ गठबंधन को तोड़ दिया और टीवीके को समर्थन देने की बात कही. कांग्रेस के पांच विधायकों का समर्थन मिलने के बाद यह आंकड़ा 112 पहुंच गया. हालांकि, इस गैप को पूरा करने में अन्य कुछ दलों ने विजय का साथ दिया.

इन दलों का विजय को मिला साथ: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सिस्ट) ने ऐलान किया कि वह तमिलनाडु में विजय का साथ देंगे, जिसके बाद टीवीके को बल मिला और यह संख्या 116 पहुंच गई. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि विदुथलाई चिरुथिगल काची (VCK) भी टीवीके को समर्थन देने के पक्ष में है. हालांकि, इस संबंध में अभी पार्टी की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

खबरों की मानें, तो इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) भी टीवीके को बाहर से समर्थन देने के पक्ष में है. इन सभी दलों को मिला कर आंकड़ा 120 पहुंचता है, जो बहुमत से 2 अधिक है. राज्य में विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं.

अब विजय बनेंगे सीएम! महज दो साल पहले राजनीति में आए थलापति विजय ने इस विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल की है. बताया जाता है कि विजय को युवाओं और महिलाओं का खास साथ मिला है. विजय ने सबसे पहले सिनेमा से सन्यास लिया, जिसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा. विजय खुद दो सीटों से चुनावी मैदान में थे और दोनों जगहों से जीत दर्ज की. चूंकि, विजय को अब एक सीट से इस्तीफा देना होगा, ऐसे में टीवीके के पास तमिलनाडु में 107 सीटें बचेंगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *