बांदा में एक युवक ने अपने छोटे भाई और मां की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी. उसका जमीन बेचने को लेकर अपने घरवालों से झगड़ा चल रहा था. रविवार सुबह जब घरवाले जमीन का कब्जा दिलवाने पहुंचे, तो बहू (आरोपी की पत्नी) झगड़ा करने लगी। उसने सास-ससुर और देवर से मारपीट भी की.
पत्नी खरीदारों को जमीन पर मिट्टी नहीं डालने दे रही थी. इसी बीच बेटा भी मौके पर पहुंच गया. उसने पहले मां-पिता और भाई से मारपीट की. फिर अपनी लाइसेंसी बंदूक से मां-भाई को गोली मार दी. दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं, हत्या करने के बाद आरोपी बेटा मौके से भाग गया.

गांववालों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. जहां मां-बेटे की मौत हो गई.
बेटा जमीन बेचने का विरोध कर रहा था: बबेरू कस्बे के हरदौली रोड में जगदीश मिश्रा रहते हैं. उन्होंने हफ्ते भर पहले अपनी 2 बीघा जमीन शिवशंकर और कमलेश को बेच दी थी. सौदा 80 लाख में हुआ था. जिसमें से जगदीश ने बड़े बेटे राजकिशोर को 20 लाख रुपए दे दिए थे लेकिन उसके बाद भी राजकिशोर झगड़ा कर रहा था.
घरवालों के अनुसार, जगदीश रविवार को शिवशंकर और कमलेश को जमीन पर कब्जा दिलवाने ले गए. साथ में जगदीश की पत्नी शांति देवी (60) और छोटा बेटा देवीदान (35) भी आ गए. जमीन पर मिट्टी डलवाने का काम चल रहा था. तभी राजकिशोर की पत्नी प्रभादेवी भी आ गई.
बंदूक लहराते हुए मौके से भागा: बेटा प्रभादेवी ने डंडे से सास-ससुर और देवर पर हमला कर दिया. इस मारपीट में प्रभा को भी चोट आई. इसी बीच राजकिशोर अपनी बंदूक लेकर मौके पर पहुंचा और मां-भाई को गोली मार दी. इसके बाद बंदूक हवा में लहराते हुए भाग गया.
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. सूचना पर पुलिस भी पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. जहां मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया गया. घायल जगदीश का इलाज चल रहा है.
एसपी पलाश बंसल ने बताया- जमीन के विवाद में मां-बेटे की हत्या हुई है. आरोपी को पकड़ने के लिए 4 टीमें बनाई गई हैं. परिवार से शिकायत मिलने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply