पंजाब में CM भगवंत मान को घरवालों ने ही दिया करारा झटका, चाचा और भाई भाजपा में शामिल

Spread the love

पंजाब की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. मुख्यमंत्री भगवंत मान के चचेरे भाई ज्ञान सिंह मान भाजपा में शामिल हो गए हैं. सोमवार को चंडीगढ़ में बीजेपी दफ्तर में पंजाब बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने ज्ञान सिंह को पार्टी में शामिल करवाया. इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद थे, जिन्होंने नए सदस्य का स्वागत किया. भगवंत मान के परिवार से जुड़े एक सदस्य के बीजेपी में शामिल होने से सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है. यह सीएम के घर में बीजेपी की बड़ी सेंध मानी जा रही है.

पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने इस मौके पर कहा कि बीजेपी पंजाब में अपनी जड़ें मजबूत कर रही है और ऐसे नए साथी पार्टी को और मजबूती प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री के चाचा बलजिंदर सिंह ने भी भाजपा का दामन थामा है. कुछ दिनों पहले ही राज्य सरकार ने उनके ढाबे की रसोई बंद करवा दी थी.

मान सरकार ने बंद की थी चाचा के ढाबे की रसोई: कुछ दिन पहले ही बलजिंदर सिंह ने आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वैसे तो ये एनआरआई को पंजाब में बुलाते हैं लेकिन अब एनआरआई जो यहां आकर अपना कारोबार कर रहे हैं, उनकी रसोई सरकार बंद करवा रही है. ज्ञान सिंह आम आदमी पार्टी के लिए वे लोकसभा और विधानसभा चुनावों में प्रमुख अभियान रणनीतिकार रहे हैं. वह गाहे-बगाहे मान सरकार की नीतियों की मुखर होकर आलोचना भी करते थे. पंजाब में आई बाढ़ से निपटने के तरीके और दावों में सरकार और प्रशासन की विफलताओं पर उन्होंने सवाल उठाए थे. वह अक्सर सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते रहे हैं.

केजरीवाल ने जिसका समर्थन किया, उसका सूपड़ा साफ: सैनी बीजेपी में शामिल होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेन्स में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पार्टी पंजाब में बड़ी गति के साथ चल रही है. ज्ञान सिंह मान अपने साथियों के साथ भाजपा में शामिल हुए हैं. ये भंगवत मान के चचेरे भाई हैं, इनका मैं स्वागत करता हूं. इन सबका पार्टी में शामिल होने पर स्वागत है। सैनी ने भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल पर भी हमला बोलते हुए कहा कि आने वाले समय में केजरीवाल और मान साहब की सरकार पश्चिम बंगाल के नतीजों के बाद बौखला गए हैं. केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल में ममता का समर्थन किया. केजरीवाल ने कांग्रेस का समर्थन किया और उनका सूपड़ा साफ किया. ममता का समर्थन किया, तो उनका सूपड़ा साफ किया.

सैनी ने कहा कि ईडी तो स्वतंत्र एजेंसी है, जहां भ्रष्टाचार होगा वहां तो ईडी जाएगी. ये कहते हैं कि हमारी सरकार ईमानदार है. पार्टी कट्टर ईमानदार हैं तो फिर ईडी क्यों कार्रवाई कर रही? इन्होंने महिला दिवस पर स्पेशल सेशन बुलाया कि महिलाओं को एक-एक हजार देंगे, लेकिन इन्होंने ये वादा पूरा नहीं किया. हरियाणा में सातवें पे कमीशन देने का काम हमारी सरकार ने किया लेकिन पंजाब में तो छठा पे कमीशन भी नहीं दिया है. जो रिटायर्ड हो गए हैं, उनको भी पेंशन नहीं दी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *