वैश्विक स्तर पर बढ़ती आर्थिक और ऊर्जा चुनौतियों के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से संयम, बचत और स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया है. मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को आगे बढ़ाते हुए लोगों से ईंधन की खपत कम करने, अनावश्यक सोने की खरीद से बचने और सार्वजनिक संसाधनों के बेहतर उपयोग की अपील की.
सरकारी फ्लीट में 50% की कमी होगी- सीएम
मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत तक कटौती की जाए और काफिलों से अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए. इसमें सीएम और मंत्रियों के काफिले भी शामिल होंगे. साथ ही सरकारी बैठकों, सेमिनारों और वर्कशॉप को अधिक से अधिक वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने पर जोर दिया गया. राज्य सचिवालय और निदेशालय की आधी आंतरिक बैठकों को ऑनलाइन मोड में कराने के निर्देश भी दिए गए हैं.
‘वर्क फ्रॉम होम’को बढ़ावा देने की अपील
सीएम योगी ने प्रदेश में ‘वर्क फ्रॉम होम’ संस्कृति को बढ़ावा देने की बात कही. औद्योगिक संस्थानों, बड़े स्टार्टअप्स और निजी कंपनियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा देने की सलाह देने की तैयारी है. उन्होंने कहा कि इससे ईंधन की बचत होगी और ट्रैफिक दबाव भी कम होगा.
सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें- सीएम
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों से सप्ताह में एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की. ‘नो व्हीकल डे’ अभियान चलाने का सुझाव देते हुए उन्होंने आम जनता, विद्यार्थियों और सरकारी कर्मचारियों को भी इससे जोड़ने पर बल दिया. मेट्रो, पीएनजी, इलेक्ट्रिक वाहन, कार पूलिंग और साइक्लिंग को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गए.
ऊर्जा संरक्षण की अपील
ऊर्जा बचत को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी भवनों, घरों और निजी प्रतिष्ठानों में अनावश्यक बिजली का उपयोग रोका जाए. व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और प्रतिष्ठानों में रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों के सीमित उपयोग की बात भी कही गई है. साथ ही पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करने पर जोर दिया गया.
गैर जरूरी यात्राओं से बचें-सीएम
सीएम योगी ने अगले छह महीनों तक गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचने की सलाह देते हुए देश और प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में किले, हेरिटेज साइट्स, ईको टूरिज्म और धार्मिक स्थलों की भरमार है, जिन्हें डेस्टिनेशन वेडिंग और पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है. ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान के जरिए स्थानीय पर्यटन, खानपान और हस्तशिल्प को प्रोत्साहन देने की योजना भी सामने रखी गई.
मुख्यमंत्री ने स्वदेशी उत्पादों, ओडीओपी और जीआई टैग वाले सामानों के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही. त्योहारों और आयोजनों में भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया. इसके साथ ही खाद्य तेल के कम उपयोग, पोषण जागरूकता और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं.
















Leave a Reply