UP में आंधी-तूफान और तेज बारिश की वजह से पिछले 24 घंटे में 94 लोगों की मौत हो गई.फतेहपुर, बाराबंकी, सीतापुर और देवरिया समेत कई जिलों के 2000 से ज्यादा गांवों की बिजली गुल हो गई.
बरेली में 90 की रफ्तार में चली आंधी में टिन शेड के साथ युवक करीब 50 फीट ऊंचाई तक उड़ गया. 100 मीटर दूर खेत में गिरा. उसके हाथ-पैर टूट गए. फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है.
बरेली में युवक आंधी में उड़कर 100 मीटर दूर खेत में जा गिरा. गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया.
प्रयागराज और भदोही में सबसे ज्यादा 17-17 मौतें हुईं. मिर्जापुर में आंधी और बिजली गिरने से 15 लोगों की जान चली गई. फतेहपुर में 9, बदायूं में 6, प्रतापगढ़ और बरेली में 4-4 मौतें हुईं.
पिछले 24 घंटे की बात करें तो गाजियाबाद, वाराणसी, अयोध्या समेत 30 जिलों में बारिश हुई. मथुरा, उन्नाव और प्रयागराज में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरे. कई जगह पेड़ टूटकर गिर गए। बिजली के खंभे उखड़ गए. दीवार गिरने से गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं.
उन्नाव में कार पर नीम का पेड़ गिर गया. हादसे में एक युवक बाल-बाल बचा
आज गुरुवार सुबह से मौसम साफ है. तेज धूप निकली है। हवा में नमी होने की वजह से गर्मी बेअसर है. इस बीच, मौसम विभाग ने आज 51 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया-“आज से पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने लगेगा. इससे प्रदेश में मौसम साफ होने लगेगा. तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। दिन के साथ रात में गर्मी पड़ेगी. 16 मई से बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में लू चलने और तपिश बढ़ने की भी संभावना है.”

प्रयागराज में बड़े-बड़े ओले गिरे. जिसे देखकर लोग हैरान थे.
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?
➤15 मई: पूरे प्रदेश में तेज धूप निकलेगी. पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
➤16 मई: आसमान साफ रहेगा और तेज धूप से गर्मी बढ़ेगी. कुछ इलाकों में लू चलेगी.
➤17 मई: पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा. आंधी-बारिश का कोई अलर्ट नहीं है.
➤18 मई: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा. लू चलने से गर्मी बढ़ेगी.
➤19 मई: पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ेगी. लू चलने के आसार हैं.
















Leave a Reply