पश्चिम बंगाल में चुनाव खत्म होने के बाद भी पूर्व मुख्यमंत्री सुर्खियों में हैं. अपने सादे लिबास के कारण चर्चित ममता आज अपनी स्पेशल ड्रेस के कारण ही सुर्खियों में आ गईं. कलकत्ता हाईकोर्ट में आज वे वकील की ड्रेस पहनकर पहुंचीं थीं. चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामले में एक पीआईएल केस के सिलसिले में ममता चीफ जस्टिस एचसी सुजॉय के सामने पेश हुई थीं. अब बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने स्टेट बार काउंसिल से पूछा है कि ममता किस हक से एक वकील के रूप में कोर्ट में पेश हुईं?
बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने ममता के इस नए रूप में कोर्ट में पहुंचने पर स्टेट बार काउंसिल से कुछ सवाल पूछे हैं…
➤क्या ममता बनर्जी वकील के तौर पर जिरह की हक़दार हैं?
➤क्या ममता बनर्जी बार काउंसिल में रजिस्टर्ड वकील हैं? अगर हां, तो एनरोलमेंट नंबर क्या है? एनरोलमेंट होने की तिथि क्या थी?
➤क्या उनका वकालत लाइसेंस अभी वैध है?
➤क्या मुख्यमंत्री रहते ही उन्होंने वकालत छोड़ने या निलंबित करने की कोई जानकारी दी थी? अगर हां, तो ऐसा कब हुआ? उनके आवेदन की प्रति भेजें.
➤क्या बाद में उन्होंने दोबारा प्रैक्टिस शुरू करने की अनुमति ली थी? अगर हां तो उसकी तिथि और क्या काउंसिल ने उस आवेदन को स्वीकार किया था?
BCI ने पश्चिम बंगाल राज्य बार काउंसिल से सभी रिकॉर्ड और दस्तावेज 2 दिनों के भीतर भेजने को कहा है.
ममता बनर्जी ने क्या बोला: आज ममता बनर्जी अपनी पार्टी के वरिष्ठ साथियों के साथ अपनी बात रखने के लिए हाई कोर्ट पहुंची थीं. उन्होंने वकील की ड्रेस पहनी थी. ममता बनर्जी ने दलील दी कि चुनाव बाद हुई हिंसा के बाद पार्टी के कार्यकर्ताओं और दफ्तरों को निशाना बनाया गया. इस हिंसा में महिलाओं, बच्चों और अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया गया. 10 लोगों की मौत हो चुकी है. उन्होंने कोर्ट से दखल का आग्रह करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल कोई बुलडोजर स्टेट नहीं है. आप यहां के लोगों की रक्षा कीजिए.
कलकत्ता HC का क्या है आदेश: कलकत्ता हाई कोर्ट ने आदेश दिया है कि चुनाव के बाद हुई कथित हिंसा की वजह से अगर कोई व्यक्ति अपना घर या संपत्ति छोड़ने पर मजबूर हुआ है, तो उसे सुरक्षित तरीके से वापस लौटने में मदद दी जाए.
गौरतलब है कि ममता बनर्जी ने 1982 में जोगेश चंद्र कॉलेज ऑफ लॉ से लॉ की डिग्री हासिल की है. उनके पास आर्ट्स (BA), एजुकेशन (B.Ed) में बैचलर डिग्री और आर्ट्स (MA) में मास्टर्स डिग्री भी है.















Leave a Reply