बांदा में बेकाबू स्कॉर्पियो-N कार सिलेंडर लदे ट्रक में पीछे से जा घुसी. हादसे में गाड़ी चला रहे कारोबारी समेत उनकी मां-दादी और चाची की मौत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि आधी कार ट्रक के नीचे आ गई. कारोबारी युवक के सीने में इंजन के कई पार्ट्स टूटकर घुस गए.
घटनास्थल पर मौजूद लोगों से मिली सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. स्कॉर्पियो में आगे बैठे कारोबारी और उनकी मां के शव निकालने के लिए क्रेन बुलवाई जबकि, पीछे बैठे दो लोगों के शव दरवाजा खोलकर बाहर निकाले गए. हादसे में युवक की 19 साल की बहन भी घायल हो गई. हादसा गुरुवार सुबह 9 बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर हुआ जहां 47.8 किमी का साइन बोर्ड लगा हुआ था. यह क्षेत्र देहात कोतवाली के हथौड़ा गांव में पड़ता है. स्कॉर्पियो सवार परिवार आजमगढ़ से महोबा के कबरई जा रहा था.

आजमगढ़ के थाना जियनपुर के गांव रामगढ़ के रहने वाले अजीत (38) परिवार समेत महोबा के कबरई कस्बे में रहते थे. यहां उनकी टायर की शॉप है. अजीत अपनी मां प्रेमशिला (55), दादी चंद्रावती (80), चाची निशा विश्वकर्मा (40) और 19 साल की चचेरी बहन रिया को लेकर अपने दोस्त की स्कॉर्पियो-N कार से आजमगढ़ अपने कुल देवता की पूजा करने आए थे.
बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे अजीत सभी को लेकर कार से महोबा के लिए निकले थे. करीब 450 किमी का सफर तय करने के बाद गुरुवार सुबह 9 बजे वे बांदा के हथौड़ा गांव के पास पहुंचे थे. बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर अचानक गाड़ी चला रहे अजीत को झपकी आई.
झपकी आने की वजह से स्कार्पियो बेकाबू हो गई और वह आगे चल रहे सिलेंडर लदे ट्रक में जा टकराई. टक्कर इतनी तेज थी कि आधी गाड़ी ट्रक के नीचे आग गई. 15 फीट की गाड़ी पिचककर 6 फीट की बची. गाड़ी में ड्राइवर की स्टेयरिंग, छत और सीटबेल्ट के पास लगे तीनों एयरबैग खुले लेकिन फट गए.
हादसे के बाद आसपास के लोग जुटे। पुलिस को सूचना दी गई। स्कार्पियो, ट्रक में बुरी तरह फंस गई थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी चला रहे अजीत के शरीर में इंजन के पार्ट्स घुस गए थे.
एयरबैग फटने से आगे बैठी उनकी मां प्रेमशीला और और अजीत के सिर फट गए थे जबकि पिछली सीट पर बैठी दादी चंद्रावती और चाची निशा भी कार में फंसी हुई थीं. पिछली सीट पर बैठी बहन रिया गंभीर रूप से घायल थी. उसे अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उसे कानपुर रेफर किया गया है.
















Leave a Reply