अब यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहे PM मोदी को अपशब्द, महोबा में दुष्कर्म पीड़ित से मिले

Spread the love

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कह रहे हैं। अजय राय शुक्रवार को महोबा में पुलिस को चकमा देते हुए कथित गैंगरेप और अपहरण पीड़ित NEET छात्रा से मिलने पहुंचे थे.

मुलाकात के बाद जब अजय राय वापस जाने के लिए अपनी कार में सवार थे, तभी अपने एक कार्यकर्ता से उन्होंने पीएम मोदी, महोबा एसपी शशांक सिंह और उनकी मां को अपशब्द कहे. उनकी यह बातचीत कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.

अजय राय पर भाजपा के कई बड़े नेताओं ने पलटवार किया है. 1 मई को अजय राय जब बीमार हुए थे, तब पीएम मोदी ने X पोस्ट कर उनके स्वस्थ होने की कामना की थी. भाजपा ने इसी बात को आधार बनाकर कहा, कांग्रेस का स्तर यही है, जो शिष्टाचार का जवाब अभद्रता से देती है.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, अजय राय से पहले कांग्रेस के युवराज (राहुल गांधी) भी अपने कुसंस्कार का परिचय दे चुके हैं. कांग्रेस अब हताशा, निराशा, कुंठा और मानसिक दिवालियेपन के शीर्ष स्तर पर पहुंच चुकी है. अब देशवासियों से क्षमा मांगने लायक भी स्थिति उनकी नहीं रही है.

पुलिस को चकमा किया, रिश्तेदार के घर पीड़ित से मुलाकात की: अजय राय ने शुक्रवार को पीड़ित छात्रा से मुलाकात करने के लिए कार्यक्रम बनाया था. उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से लेकर महोबा तक कई जगह घेराबंदी की थी. प्रशासन को गुमराह करने के लिए अजय राय का सिजहरी गांव जाने का प्रोटोकॉल भी जारी किया गया था. हालांकि, पुलिस को चकमा देते हुए वे सीधे महोबा मुख्यालय के समदनगर मोहल्ले में पीड़ित के एक रिश्तेदार के घर पहुंचे. यहां उन्होंने पीड़ित और उसके परिवार से मुलाकात की. 

अजय राय बोले- पूरा प्रदेश बलात्कार का प्रदेश बना: अजय राय ने कहा- हम लोग रास्ता बदल-बदल कर यहां पहुंच पाए, नहीं तो शायद यहां तक नहीं पहुंच पाते. बच्ची का दर्द बहुत बड़ा है. मैं उसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अपराधियों का साथ दे रही है. उनकी मदद कर रही है। मोदी जी कहते हैं बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ. यही आपका नारा है। बच्ची डॉक्टर बनना चाहती है और आज उसके साथ जो हुआ, वह बेहद दुखद है. भाजपा सरकार बच्चियों को सुरक्षा देने में पूरी विफल है. पूरा प्रदेश बलात्कार का प्रदेश बन गया है. अजय राय का दावा- छात्रा को 16 दिनों तक बंधक बनाया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *