अमरोहा में तेंदुए ने बछड़े को बनाया निवाला, देखकर महिला हो गई बेहोश, वन विभाग का गश्त

Spread the love

अमरोहा में तेंदुए का आतंक लगातार जारी है. कई जगहों पर तेंदुओं ने पालतू जानवरों पर हमला करना शुरू कर दिया है. डिडाैली में तेंदुए ने एक बछड़े को निवाला बना लिया. यह देखकर पास ही खेत पर काम कर रही महिला बेहोश हो गई.

अमरोहा जिले में तेंदुओं का आतंक बरकरार है. अब तेंदुए ने पूरनपुर गांव के जंगल में बछड़े को निवाला बना लिया. यह देखकर पास ही खेत पर काम कर रही महिला बेहोश हो गई. गनीमत रही तेंदुए ने महिला को नहीं देखा. आसपास के खेतों पर काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे, तो तेंदुआ गन्ने के खेत में छिप गया.

तेंदुआ देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़वाने की मांग की है. पूरनपुर डिडौली कोतवाली क्षेत्र का गांव है. गांव निवासी किसान राजवीर सिंह की पत्नी सर्वेश देवी शनिवार सुबह खेत पर चारा लेने गई थी. सर्वेश देवी ने खेत के पास ही तेंदुए को बछड़े का शिकार करते हुए देख लिया.

तेंदुए ने बछड़े को गर्दन पर हमला कर मार डाला. यह देखकर महिला बेहोश हो गईं. पास ही खेत पर काम कर रहे किसान नेपाल सिंह दौड़कर पहुंचे और सर्वेश देवी को उठाया. गनीमत रही तेंदुए ने सर्वेश को नहीं देखा, नहीं तो हमला भी कर सकता था. किसी तरह नेपाल और सर्वेश देवी गांव पहुंचे और ग्रामीणों को जानकारी दी.

कुछ देर में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर उसी स्थान पर पहुंचे जहां तेंदुआ देखा गया था, लेकिन शोर सुनकर तेंदुआ गन्ने के खेत में छिप गया. ग्रामीणों ने तेंदुए को तलाश किया, लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी. डीएफओ एसपी सिंह में ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की है. साथ ही पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की बात कही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *