कथा के विरोध पर धीरेंद्र शास्त्री बोले-पहले राक्षस यज्ञ में हड्डियां डालते थे, अब पोस्ट डाल रहे

Spread the love

बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कथा और सनातन के विरोध अपनी बात रखी है। सनातन के विरोध पर बोलते हुए बागेश्वर धाम के बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि सनातन का आदिकाल से विरोध होता आया है। पहले जब भी यज्ञ हुआ करता था, तो राक्षस-दैत्य हड्डियां डाल देते थे, वर्तमान में वो पोस्ट डालते हैं,बस इतना अंतर हैं। दरअसल, प्रतापगढ़ के कुंडा में भी बागेश्वर धाम धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीन दिवसीय कथा का आयोजन चल रहा है। उसी कथा से समय निकालकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री गोंडा पहुंचे और कथा में शामिल होकर वापस रवाना हो गए।

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के इटियाथोक क्षेत्र के जयप्रभा ग्राम में मंगलवार को आध्यात्म और सनातन की गूंज सुनाई दी। राजन जी महाराज राम कथा सुनाएंगे। 9 दिवसीय रामकथा में शामिल होने के लिए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और गुरु बाबा रामदेव गोंडा पहुंचे। उनके साथ अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविन्द्र पुरी भी मौजूद रहे।

योगी समेत देश भर से संत-महात्मा आएंगे: रामदेव: योग गुरु बाबा रामदेव सबसे पहले जयप्रभा ग्राम में महंत आलोक दास के आवास पर पहुंचे जहां रामदेव का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। पत्रकारों से बातचीत में बाबा रामदेव ने कहा कि ये सनातन का युग है। राम और कृष्ण की कथा होना गौरव की बात है। गोंडा में हो रही रामकथा में आज से राजन महाराज की कथा शुरू होगी। उन्होंने कहा कि देश को आपस की लूट और देश विरोधियों की फूट से बचाना है। आपस की लूट और फूट से बचकर ही हम एक अच्छा देश बना पाएंगे। सनातन से ही बेहतर राष्ट्र बनेगा। बाबा रामदेव ने बताया कि 9 दिन तक चलने वाली इस कथा में देश भर से संत-महात्मा आएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कथा में शामिल होंगे।

सनातन को जानने से ही जीवन में शांति और राष्ट्र में एकता आएगी: कथा और सनातन के विरोध पर पूछे गए सवाल पर योग गुरु ने कहा कि हम सनातन को अपने जीवन में जीते हैं। हम अपने धर्म और अध्यात्म को जानें, यही कथा है। उन्होंने कहा कि हम अखिलेश यादव नहीं, सनातन के प्रवक्ता हैं। हम सबको सनातन को जानना है। सनातन को जानने से ही जीवन में शांति और राष्ट्र में एकता आएगी। वहीं अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने दिया बड़ा बयान और कहा की आपस में विरोध और मत भिन्नता से ही निखार आता है। लोकतंत्र में विरोधी का होना भी जरूरी है। मजबूत विपक्ष से ही मजबूत लोकतंत्र चलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *