बहराइच में बेटी को तेंदुए के जबड़े से जिंदा बचा लाई मां, मच्छरदानी फाड़कर चारपाई से उठाकर भागा था

Spread the love

UP के बहराइच में एक मां अपनी 6 साल की बेटी को तेंदुए के जबड़े से छुड़ाने के लिए उससे भिड़ गई। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे घर के अंदर सो रही बच्ची को तेंदुए ने मच्छरदानी फाड़कर दबोच लिया। वह बच्ची को जबड़े में दबाकर घसीटते हुए भागने लगा। तभी बच्ची ने मां को आवा

बेटी की चीख सुनते ही मां बिना एक पल गंवाए तेंदुए से भिड़ गई। एक तरफ तेंदुआ बच्ची को जबड़े में दबाकर अपनी ओर खींच रहा था, तो दूसरी तरफ मां पूरी ताकत लगाकर उसे छुड़ाने में जुटी थी। मां ने हार नहीं मानी। आखिरकार उसने बच्ची को अपनी गोद में खींच लिया और तेंदुए के चंगुल से छुड़ा लिया। इस संघर्ष में बच्ची घायल हो गई।

शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। घायल बच्ची को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर सुजौली थाना क्षेत्र की है।

मोबाइल चार्ज करने के लिए उठी मां तो घुस आया तेंदुआ: सुजौली थाना क्षेत्र का टेपरा गांव जंगल से सटा है। यहां राजेश चौहान (35) अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी बिन्द्रावती (33), दो बेटियां अंशिका (11), दिव्या (6) और एक बेटा है। रात में दोनों बेटियां मां के साथ एक ही चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सोई थीं।

सुबह करीब 5 बजे बिन्द्रावती भैंस को चारा देने के लिए उठीं। उनके साथ दिव्या की भी आंख खुल गई। दिव्या ने मां से मोबाइल चार्जिंग पर लगाने को कहा। मां फोन चार्ज पर लगाने के लिए मुड़ीं, तभी पीछे से तेंदुआ घर में घुस आया। उसने मच्छरदानी फाड़ी और दिव्या को जबड़े में दबा लिया। इसके बाद वह बच्ची को घसीटते हुए बरामदे तक ले गया।

दिव्या ने मां को आवाज लगाई तो बिन्द्रावती पीछे मुड़ीं। बेटी को तेंदुए के जबड़े में फंसा देख वह उसे बचाने के लिए भिड़ गईं। उन्होंने पूरी ताकत लगाकर बच्ची को अपनी तरफ खींचा। शोर सुनकर पति राजेश और पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने हांका लगाया तो तेंदुआ बच्ची को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।

मां बोलीं- बच्ची की आवाज सुनकर दौड़ी: बिन्द्रावती ने बताया- बच्ची मेरे पास सो रही थी। मैं सुबह भैंस को चारा डालने के लिए उठी थी। भैंस बाहर बंधी थी। तभी बेटी ने कहा, मम्मी मोबाइल चार्ज पर लगा देना। मैं मोबाइल चार्ज करने लगी, तभी बच्ची चिल्लाई- मम्मी…मम्मी, बघवा पकड़ लिया। मैं दौड़कर गई तो देखा कि तेंदुआ बच्ची को अपनी तरफ खींच रहा था। मैं बच्ची को पकड़कर अपनी तरफ खींचने लगी।

बरामदे तक घसीट ले गया था तेंदुआ: बिन्द्रावती ने कहा- तेंदुआ बच्ची को घसीटकर थोड़ी दूर बरामदे तक ले गया था। मैंने बच्ची को गोद में पकड़कर पूरी ताकत से अपनी तरफ खींचा और उसके चंगुल से छुड़ा लिया। बच्ची के पूरे शरीर पर खून फैल गया था। हम लोग उसे लेकर सुजौली गए। वहां टांके लगाए गए। इसके बाद उसे मिहींपुरवा ब्लॉक ले जाने को कहा गया। वहां से बच्ची को यहां भेज दिया गया।

हाथ, पेट और गर्दन पर आईं चोटें: तेंदुए के हमले में दिव्या के गर्दन, हाथ और पेट पर चोटें आई हैं। मां को कोई चोट नहीं लगी। परिजन घायल बच्ची को पहले नजदीकी CHC ले गए। हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल दिव्या का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (EMO) डॉ. आशीष वर्मा ने बताया कि बच्ची की गर्दन पर गंभीर चोट आई है। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें हैं। उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है।

वन विभाग ने दी 5 हजार रुपए की मदद, इलाके में लगाया पिंजरा: DFO अपूर्व दीक्षित ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। घटनास्थल के आसपास मिले फुटप्रिंट तेंदुए के होने की पुष्टि करते हैं। पीड़ित परिवार को तत्काल 5 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई है।

वन विभाग ने इलाके में पिंजरा भी लगाया है। साथ ही ग्रामीणों से रात में सतर्क रहने और घरों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है। यह पूरा इलाका जंगल से सटा है। यहां अक्सर तेंदुए की मौजूदगी देखी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *