गाजियाबाद में 11वीं के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के आरोपी असद के घर पर बुलडोजर चलेगा. सोमवार को प्रशासन की टीम असद के घर पहुंचीं। घर के गेट पर ताला लगा था. इसके बाद एडीएम ने अवैध कब्जा करके घर बनाने का नोटिस दरवाजे पर चिपका दिया.
नोटिस में कहा गया है कि जिस जमीन पर मकान बना है, उस पर अवैध कब्जा किया गया है. असद के पिता को 15 दिनों के भीतर एसडीएम कार्यालय में अपना जवाब देना होगा. साथ ही अवैध कब्जा खुद हटाने के लिए भी कहा गया है.
इधर, असद का शव रविवार रात पोस्टमॉर्टम के बाद सुपुर्द-ए-खाक कर दिया. पुलिस ने बताया कि असद के चाचा की मौजूदगी में शव को दफनाया गया. हालांकि, पुलिस ने सिक्योरिटी कारणों से जगह और समय का खुलासा नहीं किया.
दअरसल, 28 मई बकरीद के दिन असद ने सूर्या की चाकू मारकर हत्या कर दी थी. रविवार तड़के पुलिस ने असद को एनकाउंटर में मार गिराया था। पुलिस ने मामले में साजिश रचने के आरोप में असद के पिता नवाब समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. हत्याकांड का पांचवा आरोपी अब भी फरार है. हत्या के पांचवे दिन भी खोड़ा में पुलिस फोर्स तैनात है.

सूर्या चौहान की अस्थियां हरिद्वार में गंगा में विसर्जित कर दी गईं. परिवार के सदस्य, रिश्तेदारों ने हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में अस्थियां गंगा में प्रवाहित कीं.
एडीएम ने नोटिस लगाया, ढोल बजवाया: सोमवार को 11 बजे नवनीत विहार में एडीएम के साथ प्रशासन की टीम पहुंची. टीम ने पहले नोटिस चस्पा किया। फिर ढोल बजवाया और लाउडस्पीकर से घोषणा भी कराई. अफसरों ने चेतावनी दी है कि अगर तय समय के भीतर कब्जा नहीं हटाया गया, तो प्रशासन खुद कार्रवाई कर मकान को ध्वस्त करेगा. कार्रवाई में होने वाला पूरा खर्च भी संबंधित व्यक्ति से वसूला जाएगा.
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार मौके पर मौजूद रहे. किसी भी स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था. प्रशासन की इस कार्रवाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए.
















Leave a Reply