यूपी में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है. आगरा में मंगलवार तड़के मूसलाधार बारिश हुई. करीब एक घंटे तक तेज हवा के साथ हुई बारिश में कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया. चौराहों पर लोगों का निकलना मुश्किल हो गया. कॉलोनियों में घर के अंदर पानी घुस गया.
कई जगह सड़कें धंस गई. फुटपाथ धंसने से 25 फीट का गड्ढा बन गया. इसमें ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली समा गई. सड़क किनारे खड़ीं कारें और ट्रक भी गड्ढों में पलट गए. छीपीटोला में एक मकान का अगला हिस्सा गिर गया. गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई.
सोमवार देर रात मथुरा में जोरदार बारिश हुई. जगह-जगह सड़कों पर पानी भर गया. घुटनों तक पानी में श्रद्धालु गोवर्धन की परिक्रमा करते दिखे. इधर, ज्यादातर जिलों में सुबह से मौसम साफ है. तेज धूप निकली है. हवा में नमी की वजह से फिलहाल गर्मी से राहत है.
आज प्रदेश के 9 जिलों आंधी-बारिश का अलर्ट है. प्रदेश में अब तक नौतपा बेअसर रहा है. आंधी-बारिश और ओले गिरने से पारा करीब 10°C तक लुढ़क गया है. 25 मई को पारा 47.6°C तक पहुंचा था, जो गिरकर 38°C तक आ गया.
इससे पहले, प्रदेश में सोमवार को भी मौसम का मिजाज बदला रहा. कई जिलों में आंधी और बारिश का सिलसिला चला. लखनऊ समेत पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में दिनभर बादलों की आवाजाही रही. बुंदेलखंड के झांसी, ललितपुर और आसपास के जिलों में बारिश हुई. 42°C के साथ फर्रुखाबाद सबसे गर्म शहर रहा.















Leave a Reply