राहुल मिश्रा, प्रयागराज।
गर्मी से राहत की चाह में नदी और नहरों में नहाना मौत के मुंह जाने जैसा हो गया है. यूपी हर रोज कहीं न कहीं किसी नदी या तालाब में किसी न किसी के डूबने की खबरें आ रही है. घरों के चिराग बुझ जा रहे हैं और शोक पसरा हुआ है. बीते 24 घंटे में नदी में डूबने की बड़ी घटनाएं प्रयागराज और सोनभद्र से सामने आई हैं. आइये आपको विस्तार से दोनों जिलों में हुए हादसों के बारे में बताते हैं.
प्रयागराज में 5 युवक डूबे: प्रयागराज में यमुना नदी पर फुलवा घाट पर नहाने गए 5 युवक डूब गए. डूबने पर शोर-शराबा सुन 4 युवकों को सकुलश बचा लिया गया, लेकिन एक युवक की तलाश अभी जारी है.
सोनभद्र में 5 लोग पानी में समाए: सोनभद्र में बीते 20 घंटे के भीतर डूबने की तीन अलग-अलग घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है. नदी, डैम और तालाब में कुल पांच लोग पानी में समा गए. राहत की बात यह रही कि रातभर चले सर्च ऑपरेशन और सुबह तलाश तेज होने के बाद दो किशोरों के शव बरामद कर लिए गए, लेकिन तीन लोगों की तलाश अभी भी जारी है.
कोन थाना क्षेत्र की सोन नदी और शक्तिनगर थाना क्षेत्र के रिंहद डैम में डूबे किशोरों में एक-एक का शव बरामद हुआ है. वहीं दोनों घटनाओं में एक-एक किशोर अब भी लापता है. इसी बीच राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के रामसरोवर तालाब में डूबे युवक की तलाश के लिए पुलिस, फायर ब्रिगेड और गोताखोरों की टीम जुटी हुई हैं.
सोन नदी में दो किशोर डूबे: पहली घटना कोन थाना क्षेत्र के हर्रा गांव की है. यहां 14 वर्षीय पवन कुमार और 13 वर्षीय कृष्णा निषाद सोन नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गए थे. सूचना के बाद पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने देर शाम तक खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली. रातभर चले प्रयासों के बाद बुधवार सुबह तलाश अभियान तेज किया गया, जिसके दौरान एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे किशोर की तलाश अभी भी जारी है.
रिहंद बांध में डूबे दो किशोर: दूसरी घटना शक्तिनगर थाना क्षेत्र के कोटा बस्ती की है. यहां पियूष सिंह और अंकित डैम में नहाने गए थे, जहां दोनों गहरे पानी में समा गए. मंगलवार शाम से शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन बुधवार सुबह फिर तेज किया गया. तलाश के दौरान एक किशोर का शव बरामद हुआ, जबकि दूसरे किशोर की खोज के लिए पुलिस और गोताखोर लगातार अभियान चला रहे हैं. रिंहद डैम की गहराई राहत कार्य को चुनौतीपूर्ण बना रही है.
6 लोगों का परिवार उजड़ा: इसी बीच राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सोनभद्र नगर स्थित रामसरोवर तालाब में नहाने गया एक युवक भी गहरे पानी में डूब गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई. युवक की पत्नी, तीन बेटियों और दो बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजन तालाब किनारे बैठकर किसी चमत्कार की उम्मीद लगाए हुए हैं.
महज 20 घंटे के भीतर सामने आई इन तीन घटनाओं में पांच लोग पानी में समा चुके हैं. दो किशोरों के शव बरामद हो चुके हैं, जबकि तीन लोगों की तलाश जारी है. जिले के तीन अलग-अलग जलाशयों पर बचाव और खोज अभियान लगातार चल रहा है. वहीं इन घटनाओं ने एक बार फिर जलाशयों में नहाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए.
















Leave a Reply