गाजीपुर के चर्चित विनीत राय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बुधवार देर शाम सदर कोतवाली क्षेत्र के कुर्था इलाके में हुई मुठभेड़ में 1 लाख रुपये का इनामी आरोपी कमलेश चौधरी बिंद मारा गया. मुठभेड़ के दौरान एसओजी प्रभारी रोहित मिश्रा को भी गोली लग गई, जिससे वे घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घर के बाहर की गई थी विनीत की हत्या: कमलेश चौधरी पर होटल कारोबारी आलोक राय के बेटे विनीत राय की हत्या में शामिल होने का आरोप था. 29 मई की रात बदमाशों ने घर के बाहर विनीत को गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस मामले में पुलिस पहले ही कई आरोपियों पर इनाम घोषित कर चुकी थी.

1 लाख रुपये का इनामी आरोपी कमलेश चौधरी बिंद
इस गैंग ने रची थी हत्या की साजिश: पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश कथित तौर पर कटरा गैंग के जरिए रची गई थी. इस मामले का मुख्य आरोपी शंकर पांडेय समेत कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कमलेश पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और उसकी गिरफ्तारी पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था. मारे गए कमलेश चौधरी के खिलाफ चार थाने में करीब सात आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं. पुलिस अब बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि बुधवार शाम खबरी से सूचना मिली थी कि विनीत राय हत्याकांड का आरोपी कमलेश चौधरी कोतवाली क्षेत्र के कुर्था स्थित पौहारी बाबा आश्रम के पास छिपा हुआ है. इसी सूचना के आधार पर पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी कर दी. पुलिस टीम ने आरोपी को सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. आरोपी की गोली स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा को लग गई, जिससे वह घायल हो गए. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. इस जवाबी फायरिंग में कमलेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे उपचार के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
















Leave a Reply