UP के अलीगढ़ जनपद के अकराबाद थाना क्षेत्र स्थित पिलखना कस्बे में एक अजीब घटना सामने आई है. यहां के एक सुनसान खंडहर में तंत्र-मंत्र के लिए नरबली की कोशिश का सनसनीखेज मामला आया है. शिवकुमार नाम का एक युवक, जो कल देर शाम से लापता था, उसे मरणासन्न और बेहोशी की हालत में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया.
ग्रामीणों की सूचना पर जब परिजन और पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे, तो वहां का दृश्य रोंगटे खड़े कर देने वाला था. युवक शिवकुमार के हाथ-पैर रस्सी से मजबूती से बंधे हुए थे और उसका पूरा शरीर सिंदूर से लिपटा हुआ था. घटनास्थल पर जादू-टोने और तांत्रिक विद्या से संबंधित सामग्री बिखरी हुई मिली. मौके से एक चाकू, कलावे में लिपटा हुआ नारियल, सिंदूर में सने नींबू और जमीन पर बने अजीबोगरीब तांत्रिक संकेत बरामद हुए हैं. ऐसा प्रतीत होता है कि युवक को किसी गुप्त तांत्रिक क्रिया का शिकार बनाने का प्रयास किया गया था.
इलाके में दहशत का माहौल: पिलखना कस्बे में इस तरह की घटना से भारी दहशत और आक्रोश है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि इससे पहले भी इलाके में नरबली जैसी संदिग्ध घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर गहरा भय व्याप्त है. लोगों का आरोप है कि सुनसान खंडहर और झाड़ियों का फायदा उठाकर अपराधी और तांत्रिक प्रवृति के लोग इस तरह की अमानवीय घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं.
पुलिस जांच में जुटी: घटना की सूचना मिलते ही अकराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने तुरंत युवक को मुक्त कराया और उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस टीम ने घटनास्थल को सील कर मौके से साक्ष्य जुटाए हैं.
ग्रामवासियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि यह तंत्र-मंत्र का मामला है या किसी रंजिश के तहत युवक को फंसाने की साजिश, इसका खुलासा जल्द ही कर दिया जाएगा. इस घटना ने पूरे क्षेत्र में अंधविश्वास और अपराध के गठजोड़ को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है.
















Leave a Reply