UP में मौसम बदला: जालौन में तेज बारिश, लखनऊ में अलर्ट; 70 की रफ्तार से चलेगी हवा

Spread the love

यूपी में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है. सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में दिन की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई. हवा की रफ्तार कम होने से उमस महसूस हुई. हालांकि, 10 बजते-बजते मौसम बदल गया. लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई समेत 5 जिलों में बादल छाए गए। ठंडी हवाएं चलने लगी.

इससे पहले, जालौन में सुबह 8.30 बजे झमाझम बारिश हुई. लोगों को गर्मी से राहत मिली। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने लखनऊ में अगले 3 घंटे में बिजली चमकने के साथ आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. मोबाइल पर भेजे गए अलर्ट में मध्यम दर्जे की बारिश और आंधी चलने के आसार जताए गए हैं. हवा की रफ्तार 70 किमी./घंटे तक पहुंच सकती है.

IMD के मुताबिक, इस बार यूपी में मानसून 4 से 6 दिन लेट पहुंच सकता है. 11 जून के बाद प्री-मानसून बारिश का सिलसिला शुरू होगा। मानसून 24 जून तक प्रदेश में एंट्री कर सकता है. फिर 10 दिन के अंदर यह पूरे यूपी पर छा जाएगा। मानसून आमतौर पर 18-20 जून के बीच यूपी पहुंचता है.

पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश के 12 जिलों में अधिकतम तापमान 40°C या इससे ज्यादा रहा. बांदा-झांसी सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 43.2°C दर्ज किया गया. झुलसाने वाली धूप के चलते लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया.

गर्मी का असर जानवरों पर भी देखने को मिला. कानपुर चिड़ियाघर में बाघिन वाटर पूल में घंटों बैठकर मस्ती करती रही. बाघ को पाइप से नहलाया गया. हिरण के लिए वाटर स्प्रिंकलर यानी फव्वारों के इंतजाम किए गए. ज्यादातर जानवर दिनभर छांव में बैठे नजर आए.

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- “प्री-मानसून की बारिश अभी शुरू नहीं हुई है. इसलिए गर्मी पड़ रही है. लू के हालात बन रहे हैं. 3-4 दिनों में प्री-मानसून की बारिश शुरू हो सकती है. इससे तापमान में गिरावट आएगी. गर्मी से राहत मिलने के साथ ही बारिश का नया दौर शुरू होगा.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *