कौशाम्बी में नशेड़ी बेटे ने सोते वक्त पिता पर ताबड़तोड़ बरसाए डंडे, अस्पताल में मौत

Spread the love

UP के कौशांबी जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक कलयुगी बेटे ने पारिवारिक विवाद की वजह से अपने ही पिता को मौत के घाट उतार दिया. बताया जा रहा है कि बेटे ने अपने पिता पर सोते समय डंडे से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल पिता की इलाज के दौरान प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में मौत हो गई. पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है.

मामला कोखराज थाना क्षेत्र के रामपुर सुहेला गांव का है. गांव निवासी 45 वर्षीय सुरेश कुमार खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. बताया जा रहा है कि उनका अपने बेटे राजू के साथ काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. मृतक की पत्नी सोमिया देवी का कहना है कि 8 जून की रात आरोपी बेटा राजू नशे की हालत में घर पहुंचा. उस समय सुरेश कुमार घर में सो रहे थे. आरोप है कि इसी दौरान राजू ने डंडा उठाकर अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. उसने सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार किए, जिससे सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए.

मां की तहरीर पर बेटे के खिलाफ मुकदमा: मां के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया. परिजनों ने आनन-फानन में घायल सुरेश कुमार को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक होने पर प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया. इलाज के दौरान 11 जून को उनकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. पत्नी सोमिया देवी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद न्यायालय भेज दिया है.

घटना से इलाके में हड़कंप: इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. जिस बेटे को पिता ने पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी पर पिता की हत्या का आरोप लगने से गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *