महाराष्ट्र के पंढरपुर में बहुत बड़ा सड़क हादसा हुआ है. भगवान विष्णु के प्रसिद्ध मंदिर के लिए मशहूर पंढरपुर में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन कुएं में गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में 14 लोगो की मौत की पुष्टि हो गई है. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बताया कि अभी तक 14 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं. मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है.
पंढरपुर तालुका के रंजनी गांव के ये लोग एक पिक-अप गाड़ी में यात्रा कर रहे थे. अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ने से वो एक कुएं में जा गिरी. पिक अप वैन में सवार लोग म्हसवड में सिद्धनाथ के दर्शन के लिए गए थे. गांव लौटते समय, गाड़ी तांदुलवाड़ी गांव के पास एक कुएं में गिर गई.
दुर्घटनास्थल पर अफरातफरी: वापसी के दौरान तांदुलवाड़ी गांव के पास चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके बाद पिकअप वाहन सड़क किनारे स्थित एक कुएं में जा गिरा. हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. खबर मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.
ताजा जानकारी के अनुसार, अब तक 14 लोगों के शव कुएं से बाहर निकाले जा चुके हैं. बचाव अभियान अभी भी जारी है और प्रशासन द्वारा अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.
इलाके में पसरा मातम: घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. गांव में मातम पसरा है. फिलहाल प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. जिला प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा. फिलहाल जिला प्रशासन या सरकार की ओर से किसी तरह के मुआवजे का ऐलान नहीं हुआ है.















Leave a Reply