जेवर एयरपोर्ट को अपनी जमीनें देने वाले 170 किसान कल मुफ्त हवाई यात्रा करेंगे

Spread the love

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों को योगी सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है. 15 जून को जेवर एयरपोर्ट से शुरू होने वाली पहली फ्लाइट में 172 किसानों को बैठाकर लखनऊ ले जाया जाएगा जहां सीएम योगी के साथ संवाद होगा। नोएडा एयरपोर्ट से 15 जून को उड़ानें शुरू हो जाएगी.

तय समय सारिणी के मुताबिक लखनऊ से पहली फ्लाइट सुबह 8.05 बजे पर नोएडा एयरपोर्ट पहुंचेगी, इसके बाद यहीं फ्लाइट 8.35 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना होगी. एक फ्लाइट सुबह नौ बजे लखनऊ के लिए भी उड़ान भरेगी, इस 180 सीटर फ्लाइट का समय निर्धारण जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह की सिफारिश पर किया गया है. इस फ्लाइट में एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों को लखनऊ ले जाया जाएगा. इसके अलावा जो लखनऊ से जेवर एयरपोर्ट के लिए पहली फ्लाइट उड़ेगी उसमें केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि तथा विमानन क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों समेत उद्यमी शामिल होंगे.

सीआरसी ने इस विमान की 70 सीटें बुक की है, जिस पर उद्यमियों को लखनऊ से एयरपोर्ट लाकर शहर में हो रहे निवेश समेत अन्य संभावनाओं के बारे में बताया जाएगा. नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अधिकारियों के भी पहली उड़ान से पहुंचने की संभावना है. एयरपोर्ट प्रबंधन वीवीआईपी आगंतुकों के स्वागत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत योजना तैयार कर रहा है. पहली उड़ान के यात्रियों की सूची बन रही है.

जेवर एयरपोर्ट के लिए किसानों ने दी थी जमीन: जेवर एयरपोर्ट परियोजना के लिए नोएडा के कई किसानों ने अपनी हजारों एकड़ी जमीन का योगदान दिया था. किसानों द्वारा जमीन दिए जाने के बाद ही जेवर में एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनकर तैयार हो सका. सीएम योगी ने इसके लिए किसानों को पहले ही धन्यवाद दे चुके हैं. सरकार और प्रशासन का मानना है कि बिना किसानों के सहयोग के यह परियोजना संभव नहीं हो पाती. यही कारण है कि एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों को सम्मान देने के लिए पहली फ्लाइट से उन्हें लखनऊ ले जाया जाएगा.

विभागों-एजेंसियों के बीच समन्वय और बेहतर होगा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा को चाक चौबंद कर दिया गया है. खासतौर पर एयरपोर्ट के आसपास और मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ाई गई है. इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आगामी परिचालन को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं.

सेक्टर-108 स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में एयरपोर्ट के सुरक्षित, सुव्यवस्थित और समुचित संचालन के लिए विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया गया. पुलिस कमिश्नर ने एयरपोर्ट परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। बैठक में एयरपोर्ट संचालन से जुड़े पुलिस प्रबंध, यातायात व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों की पहचान और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को और प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई. विभिन्न विभागों ने अपनी तैयारियों और कार्ययोजनाओं की जानकारी भी प्रस्तुत की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *