बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब पीलीभीत से विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार में गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार का 15 वर्षीय भतीजे आदित्य प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा श्यामतगंज पुल पर उस वक्त हुआ जब आदित्य सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए गांधी उद्यान जा रहा था. अचानक सड़क पर फैले चाइनीज़ मांझे ने उनकी गर्दन और चेहरे को चीर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया. घायल होने के बावजूद किशोर ने हिम्मत दिखाई और खुद ही अस्पताल पहुंचकर इलाज कराया. घटना की जानकारी मिलते ही गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार अस्पताल पहुंचे और घायल भतीजे का हालचाल जाना. वहीं पुलिस भी पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

किशोर की हालत खतरे से बाहर: सुबह करीब साढ़े छह बजे हुए इस हादसे में कक्षा 9 के छात्र आदित्य की गर्दन और चेहरे पर गहरे घाव हो गए. डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया. फिलहाल किशोर की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
मंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा– वहीं घटना को लेकर यूपी सरकार के गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि सरकार ने प्रदेश में चाइनीज मांझे पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा रखा है. मैं अभी एसपी साहब से बात करूंगा और कहूंगा कि सरकार ने जो नियम बनाए हैं तत्कार उन्हें अमल में लाते हुए जहां भी चाइनीज मांझे की बिक्री हो रही है उन पर कार्रवाई हो. चाहें ऐसा हादसा किसी के साथ भी हो ऐसे नहीं होना चाहिए. घटना मेरे घर की है इसलिए स्पेशल नहीं है ऐसा किसी के भी साथ नहीं होना चाहिये.
घटना पर पुलिस का बयान: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी सक्रिय हो गए. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और चाइनीज़ मांझे की बिक्री करने वालों की तलाश की जा रही है. एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सुबह एक किशोर के चाइनीज मांझे से घायल होने की सूचना मिली थी. उसका उपचार कराया जा रहा है. चाइनीज मांझे को लेकर पूर्व में भी अभियान चलाकार कार्रवाई की गई है और अभी भी कोई चाइनीज मांझा स्टोर कर रहा है या बेच रहा है सर्वे कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और चाइनीज मांझा जब्त कर लिया जाएगा.
















Leave a Reply