लखीमपुर खीरी में ट्रैक्टर वैगनआर कार को घसीटते ले गया 3 km, पति-पत्नी और भांजी की मौत

Spread the love

यूपी के हरदोई में सिंचाई विभाग में कैशियर पति, उनकी पत्नी और भांजी की सड़क हादसे में मौत हो गई. उनके दो बच्चे और उनके मामा गंभीर घायल हैं. सुल्तानपुर का रहने वाला परिवार छुटि्टयां मनाने हरिद्वार गया था. सोमवार देर रात लौटते वक्त हरदोई-लखीमपुर बॉर्डर पर बेकाबू कार वैगनआर पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसकर फंस गई, लेकिन ट्रैक्टर चालक को हादसा का पता ही नहीं चला.

3 किमी कार को खींचते ही लखीमपुर में लेकर आ गया. इस दौरान कार में फंसे लोग चीखे-चिल्लाते रहे. ट्रैक्टर में कार को फंसा देखकर डीसीएम चालक ने ट्रैक्टर को ओवरटेक करके हादसे के बारे में बताया. इसके बाद ड्राइवर ने ट्रैक्टर को रोका. देखा तो कार ट्रैक्टर में बुरी तरह से फंसा हुआ था. स्थानीय लोगों ने गेट और शीशे तोड़कर सभी को बाहर निकाला.

सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को पसगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया. यहां डॉक्टरों ने विमल सिंह (40) उनकी पत्नी वंदना सिंह पटेल (30) और आलीख्या वर्मा (22) को मृत घोषित कर दिया.

विमल का बेटा वीर और बेटी रुबी घायल हैं. दोनों के पैर में फैक्चर हुआ है। विमल के साले की सीने में चोट आई है. विमल और वंदना की हरिद्वार की एक तस्वीर सामने आई है.

परिवार चिल्लाता रहा, लेकिन ट्रैक्टर चालक को आवाज नहीं सुनाई दी: प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली में नमक की बोरियां लदी थीं. परिवार चीख-चिल्ला रहा था, लेकिन ट्रैक्टर चालक को उनकी आवाज सुनाई नहीं दी. ट्रैक्टर चालक कार को घसीटते हुए लखीमपुर के मैगलगंज थाना क्षेत्र तक ले आया. डीसीएम चालक ने उसे हादसे की जानकारी दी. ट्रैक्टर रुकने पर परिवार के लोग कार में फंसे हुए थे. लोगों ने कड़ी मशक्कत कर उन्हें निकाला और पुलिस को सूचना देकर पसगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया. हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह डैमेज हो गया.

पुलिस बोली- स्पीड की वजह से हादसे की आशंका: लखीमपुर पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार की स्पीड ज्यादा थी. इसी वजह से चालक का नियंत्रण खो गया और कार ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी. सुल्तानपुर के शास्त्री नगर के सभासद अजय सिंह ने बताया कि हादसे में विमल, उनकी पत्नी और भांजी की मौत हो गई है. परिजन शव लेने के लिए लखीमपुर पहुंच चुके हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *