राहुल मिश्रा, प्रयागराज।
UP के प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग के चलते एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या की गई थी. मामले के मुख्य आरोपी हिमांशु यादव को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस जब हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए ले जा रही थी, तभी उसने दरोगा की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी.
आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में हिमांशु यादव के पैर में गोली लग गई. घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक श्यामलाल उर्फ कल्लू गुप्ता की भतीजी और हिमांशु यादव के बीच प्रेम संबंध थे. फरवरी में हिमांशु युवती को अपने साथ भगा ले गया था. बाद में गांव लौटने पर ग्राम प्रधान गुड्डू यादव की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था. हालांकि, इसी विवाद की रंजिश में हिमांशु ने अपने साथियों नेहाल गौतम और राजन के साथ मिलकर सोमवार रात इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में हुई इस घटना में 65 वर्षीय श्यामलाल उर्फ कल्लू गुप्ता, उनकी पत्नी अमरावती देवी और उनकी भाभी इंद्रावती देवी की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी. तीनों के शव खून से लथपथ हालत में घर में मिले थे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी.
डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव के मुताबिक, इस जघन्य हत्याकांड में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इनमें मुख्य आरोपी हिमांशु यादव, नेहाल गौतम, राजन, ग्राम प्रधान गुड्डू यादव और हिमांशु का भाई अंकित यादव शामिल हैं. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.
















Leave a Reply