यूपी में मानसून लेट हो गया है. प्रदेश की सीमा तक पहुंचने के बाद मानसून की चाल धीमी पड़ गई है. पिछले 5 दिनों से यूपी-बिहार बॉर्डर पर महराजगंज जिले के पास अटका हुआ है. मौसम विभाग का कहना है कि इसके आगे बढ़कर यूपी में एंट्री करने में फिलहाल एक हफ्ते तक का समय लग सकता है.
शुक्रवार सुबह फर्रुखाबाद में करीब 1 घंटे तक जोरदार बारिश हुई. कानपुर देहात में भी अचानक मौसम बदल गया. तेज हवाओं के साथ बारिश हुई. इसके अलावा, प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तेज धूप है. हवा की रफ्तार कम होने से उमस का एहसास हो रहा है. आज 16 जिलों में बारिश का अलर्ट है. 25 जिलों में हीटवेव (लू) की चेतावनी जारी की गई है. पिछले 24 घंटे की बात करें तो पूर्वांचल समेत बुंदेलखंड में गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा रखी है.

बांदा 46°C के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा. मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में मौसमी गतिविधियां फिलहाल छिटपुट स्तर तक सीमित हैं. कहीं-कहीं आंधी-तूफान और हल्की बूंदाबांदी के आसार जरूर हैं, लेकिन इससे तापमान में कोई खास राहत मिलने के आसार नहीं हैं. अगले पांच दिनों में पारा लगातार बढ़ता रहेगा. इस दौरान लू की स्थिति और गंभीर रहने की संभावना है.
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- “अभी उत्तर प्रदेश में ऐसा कोई मौसम सिस्टम सक्रिय नहीं है, जिससे बारिश हो. मानसून की रफ्तार भी धीमी है. फिलहाल, प्रदेश में मानसून के आने के हालात नहीं बन पाए हैं. यूपी में मानसून पहुंचने में अभी करीब एक हफ्ता और लग सकता है.”
















Leave a Reply