मेरठ में कार सवार का कहर: चेकिंग के लिए खड़ी पुलिस टीम पर चढ़ाई गाड़ी, सात घायल

Spread the love

यूपी के मेरठ में एक कार सवार ने जमकर कहर बरपाया. दिल्ली रोड पर पुलिस चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार कार ने पुलिस टीम को टक्कर मारते हुए कुचलने का प्रयास किया. हादसे में सात पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है. टक्कर इतनी भीषण थी कि सेकेंड मोबाइल, फैंटम और पीआरवी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना में प्रयुक्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है.

बता दें कि ब्रह्मपुरी थाने की पुलिस टीम दिल्ली रोड पर शनिवार रात वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान देर रात दो बजे के बाद फैंटम और पीआरवी में मौजूद पुलिसकर्मी माधवपुरम स्थित हनुमान मंदिर के पास रुककर बात करने लगे तभी दिल्ली चुंगी की तरफ से तेज गति से आई कार ने पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी. टक्कर से पुलिस की सेकेंड मोबाइल, फैंटम और पीआरवी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे में हेड कांस्टेबल रविंद्र मलिक के पैर में गंभीर चोट आई. सिपाही कपिल भाटी के सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गए. इसके अलावा हेड कांस्टेबल अजय, लोकेंद्र, सिपाही सत्येंद्र और विक्रम समेत अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए.

मामले में पुलिस ने दोनों आरोपी भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान नमन जौली (37 वर्ष) और अमन जौली (35 वर्ष) पुत्र रमन जौली निवासी सुपरटेक पाम ग्रीन, बिजलीबंबा रोड के रूप में हुई है. आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है.

पीछे से आई थार, चालक को बचाने की कोशिश हादसे के तुरंत बाद इनोवा के पीछे चल रही थार कार मौके पर पहुंची. थार सवार युवक इनोवा चालक को मौके से निकालने और बचाने का प्रयास करने लगा. इस बीच दुर्घटना देखकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर जुट गए तथा भागने की कोशिश कर रहे चालक को पकड़ लिया. चालक को छुड़ाने के प्रयास के दौरान थार सवार युवक के साथ भी लोगों की कहासुनी हुई. पुलिस ने दोनों पक्षों को भीड़ से अलग किया और आरोपियों को हिरासत में ले लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *