लखनऊ में बिजली कटौती पर फूटा गुस्सा, लोगों ने जेई को 13 किलोमीटर तक दौड़ाया

Spread the love

भीषण गर्मी के बीच रात में बिजली कटौती पर लोगों का गुस्सा फूट रहा है. राजधानी लखनऊ में भी बिजली संकट कम होने का नाम नहीं ले रहा है. रविवार को भी शहर के कई उपकेंद्रों पर भारी हंगामा हुआ। शकुंतला मिश्रा और एफसीआई उपकेंद्र पर हालात बिगड़ गए. वहां बिजली कटौती से गुस्साए लोगों ने जमकर बवाल काटा और वहां तैनात जूनियर इंजीनियर को बंधक बना लिया. जेई किसी तरह अपनी जान बचाकर गाड़ी से भागे तो उग्र भीड़ ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। करीब 13 किलोमीटर तक जान बचाने के लिए गाड़ी दौड़ाने के बाद जेई सुरक्षित बच सके. अंबेडकर विश्वविद्यालय उपकेंद्र पर नाराज लोगों ने सभी फीडरों की बिजली सप्लाई ठप कर दी. इसके बाद पुलिस और बिजली अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उग्र भीड़ को शांत कराया.

कई दिनों से बिजली संकट झेलने पर गुस्साए लोग: लेसा के शंकुतला मिश्र व एफसीआई उपकेंद्र के जाहिद नगर, नाजिम नगर, हर्षनगर के उपभोक्ता पिछले कई दिनों से रात में हो रही लगातार बिजली कटौती से परेशान थे. शनिवार रात जाहिद नगर फीडर में फॉल्ट ठीक कराने गए जेई को नाराज उपभोक्ताओं ने दौड़ा लिया. जेई अपनी कार में सवार होकर भागे तो उपभोक्ताओं ने पीछा कर लिया. जेई की कार को दौड़ाते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ. वहीं कटौती से परेशान उपभोक्ताओं ने एफसीआई उपकेंद्र का घेराव किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उपभोक्ताओं को समझाकर शांत कराया.

लाइनमैन से भी कहासुनी: एफसीआई उपकेन्द्र के तहत शनिवार रात जाहिद नगर, हर्षनगर, कुंदन विहार नाजिम नगर, भपटामऊ, पिंक सिटी, बुद्धेश्वर विहार, आदर्श विहार कॉलोनी इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. इससे उपभोक्ता भीषण गर्मी और उमस से बेहाल हो गए. जाहिद नगर इंडिया हॉस्पिटल के पास ट्रांसफार्मर से लाइट सही करते समय उपभोक्ताओं की लाइनमैन सुनील से कहासुनी हो गई.

जेई ने आगरा एक्सप्रेस-वे की तरफ भागकर बचाई जान: उपभोक्ताओं का आरोप है कि रोजाना रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है. इसी समय एफसीआई जेई जहांगीर आलम अपनी कार से पहुंच गए. नाराज उपभोक्ताओं ने जेई को दौड़ा लिया. कार में सवार होकर आलमनगर ओवरब्रिज की ओर भागे जेई ने ओवरब्रिज के नीचे से यू-टर्न लिया, जिसके बाद उपभोक्ता बाइक से पीछा करने लगे. जेई ने आगरा एक्सप्रेस की तरफ भाग कर जान बचाई.

इस बारे में अमौसी जोन के मुख्य अभिंयता राम कुमार ने कहा कि शकुंतला विवि उपकेंद्र में ओरवरलोड होने के कारण रोस्टिंग हो रही है. एक हफ्ते में पांच एमवीए पावर ट्रांसफार्मर लगाएंगे. अंबेडकर विवि और एफसीआई उपकेंद्र में फाल्ट के कारण बिजली बाधित हुई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *