अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी पर सियासत जारी है. इस बीच कांग्रेस सांसदों के अयोध्या दौरे से पहले यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है. अजय राय को अयोध्या के होटल पद्म श्री पैलेस में रखा गया है.
रामलला के दर्शन के लिए पहुंचे थे अजय राय: जानकारी के अनुसार, कांग्रेस सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल अयोध्या में प्रभु श्री रामलला के दर्शन और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए पूजा-अर्चना करने पहुंचने वाला था. इसी सिलसिले में अजय राय एक दिन पहले ही अयोध्या पहुंच गए थे. लेकिन पुलिस ने उन्हें उनके होटल के कमरे में ही नजरबंद कर दिया और बाहर निकलने पर रोक लगा दी.
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में कई दिग्गज शामिल: तय कार्यक्रम के मुताबिक, इस प्रतिनिधिमंडल में उत्तर प्रदेश के कई नवनिर्वाचित सांसद और वरिष्ठ नेता शामिल हैं, जिन्हें सुबह राम मंदिर पहुंचना था. इस दल में किशोरी लाल शर्मा (सांसद, अमेठी) राकेश राठौर (सांसद, सीतापुर)उज्जवल रमण सिंह (सांसद, प्रयागराज)तनूज पुनिया (सांसद, बाराबंकी)पूर्व सांसद पीएल पुनिया, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह और विधायक वीरेंद्र चौधरी जैसे दिग्गज नेता भी इस दौरे का हिस्सा हैं.

मंदिर में कथित चढ़ावा घोटाले के बीच बढ़ा तनाव: यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय में हो रहा है जब अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे और धन की कथित हेरफेर को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ है. कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए है और निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है.
‘बीजेपी सरकार की तानाशाही चरम पर’: अजय राय हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद अजय राय ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा सरकार इतनी डर गई है कि भक्तों को भगवान के दर्शन करने से भी रोक रही है. वहीं कांग्रेस प्रवक्ताओं का कहना है कि यह योगी सरकार की तानाशाही कार्यप्रणाली को दर्शाता है और किसी भी नागरिक को पूजा करने से रोकना मौलिक अधिकारों का हनन है। फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
















Leave a Reply