‘चढ़ावा चोरी’ के आरोपी अविनाश के घर मिला मंदिर का संदूक, QR कोड के साथ लिखा था- ‘रामराज्य कोष’

Spread the love

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जेल में बंद आरोपी अविनाश शुक्ला के अयोध्या स्थित योग केंद्र से पुलिस ने एक संदूक बरामद किया है. उस पर लाल रंग से ‘रामराज्य कोष’ लिखा था. पेटीएम का QR कोड लगा था। 28 जून को हुई इस छापेमारी का वीडियो बुधवार सुबह सामने आया. इस बीच जांच कर रही SIT को 15 दिन का समय और दिया गया है.

इससे पहले मंगलवार शाम पुलिस ने प्रतापगढ़ के बाबूपुर नारियावा गांव में अविनाश के घर छापेमारी की यहाँ उसके माता-पिता कच्चे मकान में रहते मिले जबकि ठीक बगल में पक्का मकान जो अविनाश ने बनवाया है. इसमें ताला लगा था.

‘चढ़ावा चोरी’ के आरोपी अविनाश के घर ‘रामराज्य कोष’ लिखे संदूक जिसमे QR कोड भी चिपका था, के अलावा मंदिर से जुड़े कागजात और पुस्तकें भी मिलीं.

पुलिस ने फैजाबाद जेल में बंद सभी आठों आरोपियों से पूछताछ की. सबसे लंबी पूछताछ अविनाश शुक्ला से हुई. करीब दो घंटे चली पूछताछ में 5 जून को बरामद 20 लाख रुपए नकद और गहनों को लेकर सवाल-जवाब किए गए. उधर, राम मंदिर परिसर में तैनात 400 निजी सुरक्षाकर्मी भी जांच के घेरे में हैं. उनकी ड्यूटी, रोस्टर, CCTV, एंट्री-एग्जिट रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है.

सूत्रों के मुताबिक, मंदिर की सुरक्षा का जिम्मा जिस निजी सुरक्षा कंपनी के पास था, वह बिहार के एक पूर्व सांसद की है. ट्रस्ट इस कंपनी पर हर महीने करीब 1 करोड़ रुपए खर्च करता था. यानी निजी सुरक्षा पर सालाना लगभग 12 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *