‘चढ़ावा चोरी’ पर महंत नृत्यगोपाल दास का पहला बयान, बोले- ‘पाप करने वालों को सजा मिले’

Spread the love

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास का पहला बयान आया है. उन्होंने चढ़ावा चोरी मामले पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों को सजा मिलनी चाहिये.मुझे सीएम योगी पर पूरा विश्वास है.

महंत नृत्य गोपाल दास ने अपने हाथ से लिखा एक पत्र जारी किया है, जिसमें गहरी संवेदना व्यक्त की गई है. 6 जुलाई 2026 की तारीख वाले इस पत्र में उन्होंने रामलला के मंदिर में कथित दान चोरी की घटना को करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

महंत नृत्य गोपाल दास ने अपने पत्र में लिखा कि इस घटना से वे अत्यंत आहत हैं और जिसने भी इस कृत्य को अंजाम दिया है, उसे कठोर से कठोर दंड मिलना चाहिए. पत्र में उन्होंने यह भी कहा कि यह केवल आर्थिक अनियमितता का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं और विश्वास का प्रश्न है.

योगी और मोदी पर जताया भरोसा: अपने संदेश में महंत नृत्य गोपाल दास ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास जताया. उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि जांच एजेंसियां निष्पक्ष तरीके से काम करेंगी और इस मामले में शामिल प्रत्येक व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जाएगा.

पत्र में उन्होंने स्पष्ट रूप से उल्लेख किया कि जो भी व्यक्ति इस कथित पाप में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए. उनका मानना है कि न्यायिक और प्रशासनिक प्रक्रिया के माध्यम से दोषियों को दंडित किया जाएगा.

राजनीति से दूर रखने की अपील: महंत नृत्य गोपाल दास ने इस प्रकरण पर हो रही राजनीतिक बयानबाजी पर भी चिंता जताई. उन्होंने अपील की कि इस मुद्दे का उपयोग किसी भी व्यक्ति या संगठन द्वारा निजी या राजनीतिक लाभ के लिए नहीं किया जाना चाहिए.

उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इससे जुड़े विषयों को राजनीतिक विवाद का हिस्सा बनाने से बचना चाहिए. उनके अनुसार, समाज और श्रद्धालुओं के विश्वास को बनाए रखने के लिए पारदर्शिता और जिम्मेदारी दोनों आवश्यक हैं.

ट्रस्ट की बैठक पर टिकी निगाहें: महंत नृत्य गोपाल दास का यह पत्र ऐसे समय सामने आया है, जब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है. बैठक में कथित दान प्रकरण, पिछले वित्तीय वर्ष की ऑडिट रिपोर्ट और ट्रस्ट के प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. हाल के घटनाक्रमों के कारण ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और वित्तीय प्रबंधन को लेकर भी मंथन तेज हुआ है.

जानकारों का मानना है कि आगामी बैठक में लिए जाने वाले निर्णय इस पूरे प्रकरण की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं. सूत्रों का कहना है कि चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा आज 6 जुलाई को होने वाली में मंजूर किया जा सकता है. वहीं सूत्रों के हवाले से खबर है कि ट्रस्ट के लिए महासचिव रखा जाएगा, इस पद के लिए बजरंग बांगड़ का नाम रखा जाएगा. वहीं स्वामी वासुदेव सरस्वती का नाम भी चर्चा में है लेकिन उन्होंने मना कर दिया. अगले महीने इस मुद्दे पर अलग से बैठक बुलाई जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *