कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के नगरा गांव के बाहर खेतों के पास शनिवार शाम 5 बजे (28) वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला. सूचना पर पहुंची महाराजपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. शव के पास एक अवैध तमंचा और एक कारतूस का खोखा भी बरामद हुआ. युवक के सिर में गोली लगने के निशान मिले हैं, जिससे प्रथमदृष्टया पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है.
मृतक की पहचान राहुल पाल उर्फ छोटू (28) पुत्र श्याम बहादुर पाल, निवासी नगरा, सरसौल के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग मौके पर एकत्र हो गए.
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए:. फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य सूचना मिलते ही एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह भी मौके पर पहुंचे और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कराई. सूचना मिलते ही फॉरेसिंक टीम मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस और परिजन प्रथमदृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रहे हैं.

चार भाइयों में सबसे छोटा था राहुल: जानकारी के अनुसार, श्याम बहादुर पाल के चार बेटे- मुनेश पाल, ब्रजेश पाल, गुरु पाल और सबसे छोटे राहुल पाल तथा एक बेटी निशा पाल हैं. बड़े भाई सुरेंद्र पाल ने बताया कि शुक्रवार शाम उनकी राहुल से विवाह को लेकर बातचीत हुई थी. उन्होंने राहुल से कहा था कि यदि उसकी इच्छा हो तो अब उसकी उम्र भी हो रही है और एक अच्छी लड़की है, जिससे उसका विवाह कराया जा सकता है. इस पर राहुल ने सहमति में सिर हिलाया और वहां से चला गया.
घर से 200 मीटर दूर खेतों के पास मिला शव: इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा. परिजनों ने आसपास खोजबीन की लेकिन कहीं पता नही चल सका. शनिवार शाम को उसका शव घर से करीब 200 मीटर दूर खेतों के पास मिला. परिजनों के अनुसार राहुल हमीरपुर स्थित एक मसाला फैक्ट्री में काम करता था और तीन दिन पहले ही गांव आया था. उसकी मां ललिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. महाराजपुर थाना पुलिस का कहना है कि राहुल ने आत्महत्या किन कारणों से की, इसका पता लगाया जा रहा है.

वहीं, इस संबंध में एसीपी चकेरी पूर्वी आशुतोष सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि, शव के पास एक अवैध तमंचा और एक कारतूस का खोखा बरामद हुआ है. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. परिजनों की तहरीर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply