फतेहपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, लौट रहा था बहन के घर से

Spread the love

फतेहपुर के गाजीपुर थाना क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई. चुरियानी गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

मृतक की पहचान जिंदईपुर गांव निवासी 22 वर्षीय शिवांश जोशी पुत्र ननकू जोशी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, शिवांश बुधवार देर रात करीब 11 बजे राधानगर स्थित अपनी बहन के घर से बाइक से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान गाजीपुर थाना क्षेत्र के चुरियानी गांव स्थित ब्याला तालाब के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात लोडर वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवांश जोशी की मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की तलाश: पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. अन्य साक्ष्यों के आधार पर भी वाहन की पहचान का प्रयास किया जा रहा है. तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.

शिवांश जोशी अपने पीछे मां संतोष देवी और भाई हिमांशु को छोड़ गए हैं। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *