पनकी में दूध कारोबारी के घर 15 लाख की चोरी: कमरा बाहर से बंद कर गए, CCTV में कैद हुए चोर

Spread the love

कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र के रतनपुर में गुरुवार देर रात शातिर चोरों ने एक दूध कारोबारी के घर से करीब 15 लाख रुपये की ज्वेलरी, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. वारदात के दौरान पूरा परिवार घर में सोता रहा. चोर कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर फरार हो गए. घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है.

दीवार फांदकर घर में घुसे चोर: पीड़ित मनोज कुमार ने बताया कि वह दूध का कारोबार करते हैं. गुरुवार रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे. देर रात करीब ढाई बजे चोर घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे और आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

सुबह खुला चोरी का राज: सुबह मनोज कुमार ने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की तो पता चला कि कुंडी बाहर से बंद है. उन्होंने दूसरे कमरे में मौजूद बेटी को फोन किया, जिसने बाहर आकर दरवाजा खोला. बाहर निकलने पर घर में रखी ज्वेलरी, नकदी, बक्सा और अन्य सामान गायब मिला.

CCTV में कैद हुए संदिग्ध: परिजनों ने घर के बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें दो युवक बक्सा ले जाते दिखाई दिए. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पनकी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फुटेज कब्जे में ले ली.

पुलिस चोरी गए सामान की सूची तैयार कर रही है. एसीपी ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है. जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *