कानपुर के रेस्टोरेंट में 6 दबंगों ने एक युवक पर पहले लात-घूंसे चलाये फिर लोहे की रॉड मारी

Spread the love

कानपुर में एक रेस्टोरेंट के अंदर 5-6 लड़कों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी. पहले उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा, फिर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. मारपीट में युवक के सिर में गंभीर चोट आई. बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्त के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की.

पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात करीब 10:30 बजे युवक अपने दोस्त से मिलने रेस्टोरेंट गया था. इसी दौरान एक युवक ने उसका मोबाइल छीन लिया। मोबाइल वापस मांगने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगे और विरोध करने पर 10-12 लड़कों ने उसे घेरकर पीटना शुरू कर दिया. घटना हनुमंत विहार थाना क्षेत्र की है। वारदात रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

दोस्त से मिलने गया था रेस्टोरेंट: तौधकपुर के दीनदयाल पुरम निवासी रोशन खरे ने बताया- मेरा दोस्त रेस्टोरेंट में काम करता है. 5 अगस्त की रात करीब 10:35 बजे मैं उससे मिलने गया था। वह काम में व्यस्त था, इसलिए मैं वहीं बैठकर मोबाइल पर सीरियल देखने लगा. मेरे पास वाली टेबल पर 10-11 युवक बैठे थे। वे आपस में गाली-गलौज करते हुए बात कर रहे थे. तभी उनमें से एक युवक आया और मेरे हाथ से मोबाइल छीन लिया.

मोबाइल मांगने पर कर दिया हमला: रोशन ने बताया- मैंने अपना मोबाइल वापस मांगा तो उन्होंने देने से मना कर दिया. कुछ देर बाद दोबारा मोबाइल मांगने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर 6-7 युवकों ने मुझे घेर लिया. इसी दौरान एक युवक ने कुर्सी से मेरे ऊपर हमला कर दिया। इसके बाद सभी मुझे पीटने लगे. उन्होंने मुझे जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों के साथ लोहे की रॉड से हमला किया. इससे मेरे सिर में गंभीर चोट आई.

बचाने आए दोस्त को भी पीटा: रोशन ने बताया- मेरा दोस्त मुझे बचाने आया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की. इतना ही नहीं, उसे जबरन खींचकर ले जाने की भी कोशिश की. शोर सुनकर रेस्टोरेंट में मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए. उन्होंने बीच-बचाव कर मुझे छुड़ाया, तब जाकर मेरी जान बची. जाते-जाते आरोपी धमकी देकर बोले कि अगर पुलिस में शिकायत की तो जान से मार देंगे.

हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया-“पीड़ित ने शिकायत दी है। रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सिद्धार्थ द्विवेदी उर्फ पासा, सिम्पी पांडेय, आदित्य धमनिया, छोटू और प्रांशु तिवारी समेत अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *