कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र में खेतों में बने एक सुनसान मकान में रह रहे मोहम्मद कल्लू और उनकी पत्नी शाहजहां पर बीती रात अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया. लुटेरे दंपती की बाइक और सीसीटीवी उपकरण लूट ले गए. गंभीर रूप से घायल पीड़िता अपनी दो साल की मासूम बेटी को गोद में लेकर मदद के लिए 500 मीटर तक दौड़ती रही.
तड़पते रहे पीड़ित, चकरोड के बंटवारे में उलझी रही खाकी: इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस का अमानवीय और गैर-जिम्मेदाराना चेहरा सामने आया. मौके पर पहुंची पीआरबी ने प्राथमिक जांच के बाद घटनास्थल बिधनू थाना क्षेत्र का बता दिया. दरअसल, दोनों थानों की सीमा का निर्धारण एक कच्चे चकरोड से होता है. इसी चकरोड को लेकर साढ़ थाना पुलिस और बिधनू थाना पुलिस घंटों तक सीमा विवाद में उलझी रही.

उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद जागी साढ़ पुलिस: जब घटना की जानकारी पुलिस के उच्च अधिकारियों तक पहुंची, तो महकमे में हड़कंप मच गया. आला अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और कड़ी फटकार लगाते हुए घटनास्थल साढ़ थाना क्षेत्र में दर्ज करने का निर्देश दिया.
कैमरे का रुख मोड़ा, फिर धारदार हथियारों से हमला: जानकारी के मुताबिक, साढ़ थाना क्षेत्र के देवसड़ गांव निवासी मोहम्मद कल्लू (40), अपनी पत्नी शाहजहां (35) और दो वर्षीय मासूम बेटी के साथ गांव से करीब 700 मीटर दूर खेतों में स्थित मकान में रहते हैं. मुख्य मार्ग से 600 मीटर अंदर कच्चे चकरोड के रास्ते पर बने इस सुनसान मकान को बीती आधी रात बदमाशों ने अपना शिकार बनाया.
पहचान छिपाने के इरादे से शातिर बदमाशों ने सबसे पहले घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे का रुख आसमान की तरफ मोड़ दिया. इसके बाद अंदर दाखिल होकर सो रहे कल्लू और शाहजहां पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला बोल दिया.

मासूम को गोद में लेकर 500 मीटर तक तड़पती रही पीड़िता: बदमाशों के भागने के बाद गंभीर रूप से घायल शाहजहां ने हिम्मत नहीं हारी. वह अपनी दो साल की बिलखती मासूम बच्ची को गोद में उठाए, खून से लथपथ हालत में घुप अंधेरे में ‘बचाव-बचाव’ चिल्लाते हुए करीब 500 मीटर दूर स्थित दूसरे खेत में बने मकान तक पहुंचीं और मदद की गुहार लगाई. ग्रामीणों ने तुरंत रात 1:16 बजे डायल 112 को सूचना दी.
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद कल्लू (40), अपनी पत्नी शाहजहां (35) और दो साल की मासूम बेटी के साथ गांव से करीब 700 मीटर दूर खेतों में बने मकान में रहते हैं. बीती रात बदमाश पहले मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों का रुख ऊपर की ओर कर दिए, ताकि उनकी पहचान न हो सके.
दंपती पर जानलेवा हमला: इसके बाद वे घर के अंदर दाखिल हुए और सो रहे दंपती पर जानलेवा हमला कर दिया. हमले में मोहम्मद कल्लू गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए, जबकि शाहजहां भी बुरी तरह जख्मी हो गईं. बदमाश जाते-जाते उनकी बाइक और सीसीटीवी का डीवीआर व उपकरण भी साथ ले गए.
खून से लथपथ महिला, मासूम को गोद में लेकर मांगती रही मदद: घटना के बाद एक हृदयविदारक दृश्य देखने को मिला. गंभीर रूप से घायल शाहजहां अपनी रोती हुई दो साल की बच्ची को गोद में दबाए, अंधेरे में बचाव-बचाव चिल्लाते हुए खेतों के बीच से लगभग 500 मीटर दूर स्थित दूसरे मकान तक पहुंची. वहां उन्होंने ग्रामीणों से मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल, जांच में जुटी पुलिस: रात करीब 1:16 बजे सूचना मिलने के महज 10 मिनट के भीतर साढ़ पीआरवी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई और घायलों को बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर स्थिति में हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
















Leave a Reply