लखनऊ में योगी, केशव, ब्रजेश तिरंगा लेकर 2km पैदल चले, 30 हजार बच्चे-युवा हुए शामिल

Spread the love

लखनऊ में काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस पर रविवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई. सीएम योगी, दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी हाथ में तिरंगा लेकर पैदल चले. यात्रा के दौरान योगी के एक तरफ ब्रजेश पाठक तो दूसरी तरफ केशव मौर्य और पंकज चौधरी नजर आए. योगी ने बच्चों और पंकज चौधरी के साथ सेल्फी भी ली.

देशभक्ति के गानों, ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच तिरंगा यात्रा सुबह 9.20 बजे मुख्यमंत्री आवास (5, कालिदास मार्ग) से शुरू हुई. 30 मिनट में 2 किमी का सफर तय कर यात्रा विधानभवन पहुंची. यात्रा में कैबिनेट मंत्रियों, भाजपा नेताओं और स्कूली बच्चों-युवाओं समेत 30 हजार लोग शामिल हुए। बच्चे 101 फिट का तिरंगा लेकर विधानसभा पहुंचे.

यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव और प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष पूजा पाल भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुईं. अपर्णा ने कहा- Gen-Z हमारे साथ है. इस यात्रा को कामयाब बना रहा है.

इससे पहले, योगी ने कहा-“कांग्रेस के समय में घर पर तिरंगा लगाने के लिए लड़ाई लड़नी पड़ती थी. पीएम मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों को घर के ऊपर तिरंगा लगाने की आजादी दी. अब यह नहीं चल सकता कि रहेंगे भारत में और भारत के प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को अपमानित करेंगे.”

बता दें कि काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस 9 अगस्त 1925 को लखनऊ के पास काकोरी में हुई ऐतिहासिक घटना की याद में मनाया जाता है. इस दिन क्रांतिकारियों ने अंग्रेजों का खजाना सरकारी खजाने से रोकड़ा (धन) जब्त कर स्वतंत्रता संग्राम के लिए हथियार खरीदने का ऐतिहासिक कदम उठाया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *